स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर कौशिकी संस्था की हरित पहल, शिक्षकों को वितरित किए तुलसी के पौधे
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कौशिकी रूरल डेवलपमेंट सोसायटी की ओर से विशेष पौधरोपण एवं तुलसी पौधा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, औषधीय पौधों के महत्व और हरित भारत के संकल्प को प्रमुखता से रेखांकित किया गया।
कार्यक्रम में ‘तुलसी दीदी’ के नाम से चर्चित सामाजिक कार्यकर्ता एवं सारण अकादमी स्कूल की शिक्षिका डॉ. अंजली सिंह ने विद्यालय परिवार के साथ मिलकर तुलसी के पौधे लगाए और उनका वितरण किया। उन्होंने कहा कि तुलसी केवल धार्मिक दृष्टि से ही महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि इसके औषधीय गुण भी अत्यंत उपयोगी हैं। हर घर में तुलसी समेत अन्य उपयोगी पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दिया जा सकता है।
इस अवसर पर सारण अकादमी स्कूल के प्राचार्य अमोद कुमार सिंह सहित 20 से अधिक शिक्षक-शिक्षिकाओं को तुलसी के पौधे भेंट किए गए। पौधे प्राप्त करने वाले शिक्षकों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने और पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।
डॉ. अंजली सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय पर्व केवल देशभक्ति की भावना व्यक्त करने का अवसर नहीं, बल्कि समाज और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने का भी अवसर है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्वों पर पौधरोपण कर उसका संरक्षण करना प्रकृति के प्रति सच्ची देशभक्ति का प्रतीक है।
कौशिकी रूरल डेवलपमेंट सोसायटी बालिका शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के साथ-साथ सामाजिक एवं पर्यावरणीय जागरूकता के क्षेत्र में भी सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। संस्था की इस पहल की विद्यालय परिवार ने सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों, शिक्षकों और समाज में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है।
कार्यक्रम के दौरान कौशिकी संस्था के संरक्षक धर्मेंद्र रस्तोगी और वरीय सदस्य पुष्पा सिंह भी उपस्थित रहीं। संस्था के प्रतिनिधियों, विद्यालय के शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं ने पर्यावरण संरक्षण और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया।
कौशिकी संस्था, तुलसी पौधा वितरण, स्वतंत्रता दिवस 2026, छपरा समाचार, डॉ अंजली सिंह तुलसी दीदी, सारण अकादमी स्कूल, पर्यावरण संरक्षण, पौधरोपण अभियान, तुलसी पौधा वितरण कार्यक्रम

