अधिक कर जमा करने पर मांझी के संवेदक चंदन सिंह सम्मानित, उपमुख्यमंत्री ने दिया शॉल व ₹21 हजार का चेक
सारण जिले में वाणिज्य कर भुगतान में हासिल किया द्वितीय स्थान, स्वतंत्रता दिवस समारोह में मिला सम्मान
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में मांझी प्रखंड के दाऊदपुर पंचायत अंतर्गत दुमदुमा गांव निवासी एवं मां कन्ट्रक्शन के संवेदक चंदन सिंह को वाणिज्य कर विभाग में बेहतर कर भुगतान करने के लिए सम्मानित किया गया। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री सह सारण जिले के प्रभारी मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव एवं वाणिज्य कर विभाग के पदाधिकारियों की मौजूदगी में उन्हें शॉल एवं ₹21 हजार का चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
बताया गया कि वाणिज्य कर के क्षेत्र में बेहतर योगदान के लिए चंदन सिंह ने सारण जिले में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। इसी उपलब्धि के लिए स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में उन्हें सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने के बाद चंदन सिंह ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि उनके लिए यह बेहद गौरव और प्रसन्नता का क्षण है कि उपमुख्यमंत्री एवं वाणिज्य कर विभाग के अधिकारियों द्वारा उन्हें सम्मानित किया गया।
चंदन सिंह ने कहा कि उन्होंने अपने व्यवसाय के माध्यम से नियमानुसार कर का भुगतान किया और सारण जिले में द्वितीय स्थान प्राप्त करना उनके लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि इस सम्मान से उन्हें भविष्य में अपने कार्य को और बेहतर तरीके से करने की प्रेरणा मिली है।
उन्होंने स्वतंत्रता दिवस समारोह का उल्लेख करते हुए कहा कि समारोह में हजारों की संख्या में लोग मौजूद थे और पूरे जिले में देशभक्ति एवं उत्साह का माहौल देखने को मिला। स्वतंत्रता दिवस का आयोजन बड़े ही धूमधाम और गरिमापूर्ण तरीके से किया गया, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के कर्मियों तथा आम लोगों की बड़ी भागीदारी रही।
चंदन सिंह को मिले इस सम्मान के बाद दाऊदपुर पंचायत और दुमदुमा गांव के लोगों में भी खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इसे गांव और क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताते हुए उन्हें बधाई दी।
मांझी न्यूज, दाऊदपुर पंचायत, दुमदुमा गांव, चंदन सिंह सम्मानित, मां कन्ट्रक्शन, वाणिज्य कर विभाग, सारण न्यूज, उपमुख्यमंत्री विजेंद्र यादव, स्वतंत्रता दिवस सम्मान, चंदन सिंह मांझी

