₹12 हजार रिश्वत लेते मुखिया जी रंगे हाथ गिरफ्तार, निगरानी ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई
जहानाबाद, 1 अगस्त 2026
भ्रष्टाचार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (Vigilance Investigation Bureau), बिहार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जहानाबाद जिले के पंडौल पंचायत के मुखिया नन्दकिशोर राम को 12 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी शुक्रवार को शकुराबाद बाजार स्थित नेहालपुर मोड़ के पास की गई।
मनरेगा भुगतान के एवज में मांगी थी रिश्वत
निगरानी ब्यूरो के अनुसार, पोखवाँ गांव निवासी प्रमोद कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने और उनकी पुत्रवधू ने मनरेगा की दो योजनाओं में मजदूरी एवं मेठ का कार्य किया था। दोनों योजनाओं का लगभग 1.64 लाख रुपये का भुगतान हो चुका था, लेकिन पंचायत के मुखिया नन्दकिशोर राम भुगतान के एवज में 12 हजार रुपये कमीशन (रिश्वत) की मांग कर रहे थे।
सत्यापन के बाद बिछाया गया जाल
शिकायत मिलने के बाद निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद निगरानी थाना कांड संख्या 89/26 दर्ज कर पुलिस उपाधीक्षक रंजीत कुमार निराला के नेतृत्व में विशेष धावा दल का गठन किया गया। टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए आरोपी मुखिया को 12 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
विशेष न्यायालय में होगी पेशी
निगरानी ब्यूरो ने बताया कि पूछताछ के बाद आरोपी को माननीय विशेष न्यायालय (निगरानी), पटना में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।
2026 में 84 आरोपी रंगे हाथ गिरफ्तार
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार वर्ष 2026 में यह भ्रष्टाचार का 89वां मामला दर्ज किया गया है। इनमें 85 ट्रैप केस शामिल हैं, जिनमें अब तक 84 अभियुक्तों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया जा चुका है। इन मामलों में अब तक 30,25,800 रुपये रिश्वत की राशि बरामद की गई है। वर्ष 2025 में कुल 101 ट्रैप मामले दर्ज हुए थे, जिनमें 37,80,300 रुपये की रिश्वत बरामद हुई थी।
जहानाबाद मुखिया गिरफ्तार, नन्दकिशोर राम रिश्वत, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो बिहार, मनरेगा रिश्वत मामला, बिहार भ्रष्टाचार, Vigilance Bihar, Bihar News

