तीसरी सोमवारी पर शिव शक्ति धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी प्रखंड के गोबरही पंचायत अंतर्गत गोबरही टोला स्थित शिव शक्ति धाम में सावन की तीसरी सोमवारी के अवसर पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतार देखने को मिली। दूर-दराज के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान भोले शंकर का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर पूरे दिन ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंजता रहा।
कोलकाता से पहुंची डॉली किन्नर बनी आकर्षण का केंद्र
तीसरी सोमवारी के अवसर पर पश्चिम बंगाल के कोलकाता से पहुंचीं डॉली किन्नर श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। उन्होंने बताया कि कोलकाता से गोबरही टोला स्थित शिव शक्ति धाम पहुंचने का उन्हें सौभाग्य मिला। मंदिर में पहुंचने के बाद उन्हें काफी सुकून और आध्यात्मिक शांति महसूस हुई।
डॉली किन्नर ने कहा कि वह मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देती हैं और लोगों की ओर से श्रद्धा भाव से मिलने वाली राशि से अपना जीवन-यापन करती हैं। उन्होंने शिव शक्ति धाम में पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया और क्षेत्रवासियों के सुख-शांति की कामना की।
कांवरियों और श्रद्धालुओं के लिए ग्रामीणों ने की व्यवस्था
शिव शक्ति धाम के संस्थापक विजय सिंह एवं अनुज अजय सिंह ने बताया कि सावन के महीने में बड़ी संख्या में कांवरियों और श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए पूरे क्षेत्र के लोगों के सहयोग से समुचित व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए स्थानीय लोग लगातार सेवा में जुटे हुए हैं।
वहीं, चन्दऊपुर निवासी धनंजय सिंह ने कहा कि बाहर से आने वाले सभी श्रद्धालुओं और कांवरियों का मान-सम्मान करना तथा उनकी सुविधा का ध्यान रखना हम सभी का दायित्व है। इसी भावना के साथ ग्रामीणों द्वारा श्रद्धालुओं की सेवा की जा रही है।
चन्दऊपुर के ग्रामीणों ने बांटा पेयजल और जलेबी
सावन की तीसरी सोमवारी पर चन्दऊपुर गांव के ग्रामीणों के सहयोग से श्रद्धालुओं के लिए पेयजल एवं जलेबी वितरण की व्यवस्था की गई। कांवरियों और श्रद्धालुओं को रास्ते में पेयजल उपलब्ध कराया गया तथा प्रसाद स्वरूप जलेबी का वितरण किया गया। सेवा कार्य में स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
तीसरी सोमवारी के मौके पर शिव शक्ति धाम में दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। पूजा-अर्चना और जलाभिषेक के साथ मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा। इस दौरान सैकड़ों ग्रामीण एवं श्रद्धालु मौजूद रहे और आयोजन को सफल बनाने में अपना सहयोग दिया।
गोबरही टोला शिव शक्ति धाम, मांझी तीसरी सोमवारी, सावन सोमवारी, शिव शक्ति धाम मांझी, गोबरही पंचायत, भोलेनाथ जलाभिषेक, कांवरिया सेवा, डॉली किन्नर कोलकाता, चन्दऊपुर सेवा, मांझी समाचार
#thirdmonday #shivshaktidham #gobarhitola #manjhi #saran #sawan #jalabhishek #bolbam #harharmahadev #kanwariyaseva #gobarhi #chapranews #SaranNews #ManjhiNews
