सदर अस्पताल में होमी भाभा कैंसर संस्थान द्वारा कैंसर स्क्रीनिंग की सुविधा उपलब्ध: एनसीडीओ
अप्रैल 25 से जुलाई 26 तक लगभग 27 हज़ार किया गया कैंसर स्क्रीनिंग: डॉ संतोष कुमार
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: सारण जिला मुख्यालय स्थित सदर अस्पताल छपरा के परिसर में होमी भाभा कैंसर अस्पताल, मुजफ्फरपुर के पेरिफेरिक कैंसर सेंटर के चिकित्सकों द्वारा ओपीडी में स्क्रीनिंग कर उसकी पहचान की जाती है। जिसमें मुख्य रूप से महिला और पुरुषों के लिए मुख, जबकि महिलाओं में स्तन और गर्भाशय ग्रीवा कैंसर जैसी घातक बीमारियों की पहचान, इलाज़ के बाद बायोप्सी की जाती है। सदर अस्पताल परिसर स्थित ओपीडी में संचालित होमी भाभा कैंसर संस्थान सह शोध संस्थान के डॉ संतोष कुमार ने बताया कि विगत अप्रैल 2025 से मार्च 2026 तक 21489 लोगों का मुख का स्क्रीनिंग किया गया है। जिसमें महिला 11701 जबकि पुरुष 9788 शामिल है। 11701 महिलाओं में 3691 स्तन कैंसर की जांच की गई, जिसमें 33 संदिग्ध जबकि 13 उच्च जोख़िम महिलाओं की पहचान हुई है। वहीं 1408 महिलाओं का गर्भाशय जांच में 24 संदिग्ध जबकि 06 उच्च जोख़िम महिलाओं की शिनाख्त हुई है। हालांकि अप्रैल 26 से जुलाई 26 तक 5654 मरीजों का स्क्रीनिंग किया गया है। जिसमें 105 संदिग्ध तो 22 उच्च जोख़िम वाले रोगियों की पहचान हुई है।
बायोप्सी सेवाओं का संचालन मुंह के कैंसर के संभावित मरीजों के लिए महत्वपूर्ण: डॉ पारुल
होमी भाभा कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर की महिला चिकित्सक डॉ पारुल ने बताया कि कैंसर का इलाज असंभव ही नहीं बल्कि संभव है। लेकिन इसके लिए सही समय पर जांच करने के साथ ही शुरुआती दौर में लक्षण पर विशेष रूप से ध्यान देने की जरूरत है। क्योंकि ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं में इन दिनों गर्भाशय ग्रीवा (बच्चेदानी) स्तन कैंसर एवं पुरुषों में मुंह के कैंसर के अत्यधिक मामले सामने आ रहे हैं। सदर अस्पताल में बायोप्सी सेवाओं का संचालन मुंह के कैंसर के संभावित मरीजों के लिए महत्वपूर्ण है। क्योंकि शुरुआती लक्षणों के आधार पर कैंसर रोग की पहचान करना आसान है। इसके लिए सदर अस्पताल में ओपीडी सेवा संचालित की जा रही है। हालांकि आजकल युवाओं में तंबाकू सेवन मुंह के कैंसर का प्रमुख कारण बन रहा है। इसके लिए जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों की आशा, विद्यालय के शिक्षकों, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) और एएनएम के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
सदर अस्पताल के ओपीडी में कैंसर स्क्रीनिंग की सुविधा उपलब्ध: एनसीडीओ
जिला गैर संचारी रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ भूपेंद्र कुमार ने बताया कि जिले के सभी प्रखंड मुख्यालय स्थित स्वास्थ्य संस्थानों में विशेष रूप से संभावित मरीजों की जांच सुनिश्चित किया जा रहा है। इसमें कैंसर के शुरुआती लक्षण दिखाई देने वाले मरीजों को विशेष रूप से जांच के लिए सदर अस्पताल छपरा के ओपीडी में संचालित कैंसर अस्पताल बुलाया जाता है, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों की जांच कराई जाती है। जांच के बाद कैंसर ग्रसित मरीजों को अस्पताल द्वारा किमियोथेरेपी कराते हुए संबंधित मरीजों को आवश्यक दवा उपलब्ध कराई जाती है। हालांकि अभी तक सैकड़ों मरीजों को कैंसर बीमारी को मात देते हुए स्वस्थ किया गया है।

