डीसीएचबी कार्य के निरीक्षण को छपरा पहुंचे उप महारजिस्ट्रार, 24 अगस्त तक पूरा होगा कार्य
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: भारत की जनगणना-2027 के अंतर्गत तैयार की जा रही जिला जनगणना पुस्तिका (District Census Handbook-DCHB) के कार्यों की प्रगति का जायजा लेने सोमवार को भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त कार्यालय (ORGI), नई दिल्ली के उप महारजिस्ट्रार दिनेश कुमार छपरा पहुंचे। उन्होंने छपरा नगर निगम एवं नगरा प्रखंड का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से डीसीएचबी कार्य की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान उप महारजिस्ट्रार ने कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्यों को पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को डेटा की शुद्धता, गुणवत्ता और विश्वसनीयता पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने कहा कि जिला जनगणना पुस्तिका महज एक सांख्यिकीय दस्तावेज नहीं है, बल्कि आने वाले वर्षों में विकास योजनाओं, प्रशासनिक निर्णयों और विभिन्न परियोजनाओं के निर्माण के लिए महत्वपूर्ण आधार बनेगी। इसलिए इसमें दर्ज प्रत्येक सूचना तथ्यात्मक और अद्यतन होनी चाहिए।
ग्राम स्तर की सूचनाओं के सत्यापन पर जोर
निरीक्षण के दौरान डीसीएचबी में शामिल की जाने वाली विभिन्न सूचनाओं की पोर्टल पर की गई इंट्री की भी समीक्षा की गई। इनमें ग्राम निर्देशिका का परिचय, भौगोलिक सुविधाएं, शिक्षा एवं चिकित्सा सुविधाएं, पेयजल एवं स्वच्छता, संचार एवं परिवहन, बैंकिंग एवं ऋण सुविधाएं, विद्युत एवं ईंधन, भूमि उपयोग एवं सिंचाई, प्रमुख कृषि उत्पादन, विनिर्माण तथा हस्तशिल्प जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां शामिल हैं। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि विभिन्न विभागों एवं सरकारी एजेंसियों से प्राप्त सूचनाओं का राजस्व ग्राम स्तर पर परीक्षण कर उनकी शुद्धता सुनिश्चित की जाए।
विभागवार सूचनाओं का एक्सेल शीट में होगा संकलन
डीआरजी दिनेश कुमार ने विभागवार सूचनाओं को एक्सेल शीट में संकलित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि किन विभागों से सूचनाएं प्राप्त नहीं हुई हैं और किन मामलों में संबंधित वरीय पदाधिकारियों अथवा जिलाधिकारी स्तर से फॉलोअप की आवश्यकता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि डीसीएचबी में दर्ज प्रत्येक सूचना के स्रोत का उल्लेख किया जाना आवश्यक है।
महत्वपूर्ण बदलावों का भी दर्ज होगा विवरण
उप निदेशक सह जिला सांख्यिकी पदाधिकारी शशि प्रभा ने बताया कि सभी चार्ज अधिकारियों को क्षेत्र में हुए महत्वपूर्ण भौतिक, प्रशासनिक एवं राजनीतिक बदलावों के साथ-साथ प्रसिद्ध स्थलों और अन्य उल्लेखनीय परिवर्तनों का विस्तृत विवरण एवं आवश्यक तस्वीरें उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। इसका उद्देश्य डीसीएचबी में जिले की अद्यतन स्थिति को समुचित रूप से शामिल करना है।
24 अगस्त तक पूरा करने का लक्ष्य
जिला स्तर पर डीसीएचबी कार्य को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई। डीसीओ सह जिला नोडल पदाधिकारी अदिति आनंद ने बताया कि चार्ज स्तर पर आगामी 24 अगस्त तक कार्य पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके बाद डेटा की गुणवत्ता की जांच कर अंतिम रूप से सबमिशन किया जाएगा।
निरीक्षण दल के भ्रमण एवं कार्यों का नेतृत्व जनगणना कार्य निदेशालय, बिहार के सहायक निदेशक राहुल श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर डीसीओ सहयोगी पदाधिकारी आयुषी सिंह, नगर आयुक्त रंजीत कुमार, छपरा नगर चार्ज अधिकारी अरशद इमाम, नगरा चार्ज अधिकारी अभिनव कुमार सहित संबंधित क्षेत्र पदाधिकारी मौजूद रहे।
छपरा डीसीएचबी, जिला जनगणना पुस्तिका 2027, जनगणना 2027, उप महारजिस्ट्रार दिनेश कुमार, छपरा नगर निगम, नगरा प्रखंड, Census 2027 Bihar, DCHB Bihar

