स्वतंत्रता दिवस पर BSNL की बड़ी सौगात: ₹1 में मोबाइल सेवा, ₹1,111 में 200 Mbps फाइबर प्लान; छपरा में लगेंगे 100 नए 4G टावर
सिवान (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) ने ग्राहकों के लिए कई आकर्षक और किफायती डिजिटल सेवाओं की घोषणा की है। बीएसएनएल के दूरसंचार विभाग के उपमहाप्रबंधक (DGM) रूपेंद्र पाठक ने बताया कि कंपनी ने डिजिटल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत के विजन को आगे बढ़ाते हुए मोबाइल, फाइबर ब्रॉडबैंड, ओटीटी और ग्रामीण कनेक्टिविटी से जुड़ी कई नई योजनाएं पेश की हैं।
₹1 में 'Freedom 2.0' मोबाइल ऑफर
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नए ग्राहकों के लिए 'Freedom 2.0' मोबाइल ऑफर शुरू किया गया है। इसके तहत मात्र ₹1 में 24 दिनों की वैधता के साथ प्रतिदिन 1 GB डेटा, 100 SMS और अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग की सुविधा दी जा रही है। BSNL के इस ऑफर को नए मोबाइल ग्राहकों को जोड़ने और किफायती दूरसंचार सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया जा रहा है।
₹1,111 में 200 Mbps तक की हाई-स्पीड फाइबर सेवा
BSNL ने अपने नियमित ₹1,199 वाले ब्रॉडबैंड प्लान को विशेष लॉन्च ऑफर के तहत ₹1,111 प्रतिमाह में उपलब्ध कराने की घोषणा की है। इस प्लान में 200 Mbps तक की इंटरनेट स्पीड, 5,000 GB मासिक डेटा और 25 से अधिक प्रीमियम OTT प्लेटफॉर्म्स का एक्सेस शामिल है। कंपनी के अनुसार यह प्लान उन उपभोक्ताओं के लिए उपयोगी होगा, जो हाई-स्पीड इंटरनेट के साथ मनोरंजन की सुविधाएं भी चाहते हैं।
ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए भी विशेष प्लान
ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को ध्यान में रखते हुए BSNL की ओर से 25 Mbps तक की स्पीड और 700 GB डेटा वाला प्लान भी उपलब्ध कराया गया है। इसमें सभी नेटवर्क पर 24×7 अनलिमिटेड कॉलिंग तथा प्रसार भारती WAVES का लाभ शामिल है। WAVES का प्रीमियम ऐड-ऑन पैक ₹30 में उपलब्ध होगा। यह योजना मासिक, छमाही और वार्षिक रेंटल विकल्पों में उपलब्ध कराई गई है।
BSNL मोबाइल ग्राहकों को मुफ्त Entertainment TV की सुविधा
BSNL मोबाइल ग्राहक अब BSNL Selfcare App के माध्यम से बिना अतिरिक्त शुल्क के BSNL Free Entertainment TV का लाभ उठा सकेंगे। टैंगो टीवी द्वारा संचालित इस सेवा में लाइव टीवी और ऑन-डिमांड कंटेंट उपलब्ध होगा। इसके अलावा उत्तर और पूर्वी क्षेत्रों में 'Build Your Own OTT' (BYO) सेवा भी शुरू की गई है, जिसके माध्यम से ग्राहक अपनी पसंद के OTT विकल्प चुन सकेंगे।
₹2,399 के वार्षिक प्लान पर 47 दिन अतिरिक्त वैधता
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर BSNL ने ₹2,399 के वार्षिक प्रीपेड प्लान पर 47 दिनों की अतिरिक्त वैधता देने की घोषणा की है। इसके बाद इस प्लान की कुल वैधता 365 दिनों से बढ़कर 412 दिन हो जाएगी। कंपनी की ओर से इसे लंबे समय तक सेवा लेने वाले ग्राहकों के लिए विशेष लाभ के तौर पर पेश किया गया है।
छपरा में लगाए जाएंगे 100 नए 4G टावर
बिहार में दूरसंचार नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में भी BSNL ने बड़ा रोडमैप तैयार किया है। DGM रूपेंद्र पाठक के अनुसार छपरा में 100 नए 4G टावर स्थापित किए जाएंगे, जिन्हें मई 2027 तक ऑन-एयर करने का लक्ष्य रखा गया है। नए टावरों के स्थापित होने से क्षेत्र में नेटवर्क क्षमता बढ़ने के साथ मोबाइल सेवा की गुणवत्ता में भी सुधार होने की उम्मीद है।
ग्रामीण क्षेत्रों में Last Mile Connectivity पर जोर
संशोधित भारतनेट कार्यक्रम (ABP) के तहत छपरा में नेटवर्क को रिंग टोपोलॉजी में विकसित करने तथा ग्राम पंचायत स्तर पर आधुनिक MPLS राउटर्स स्थापित करने का काम किया जा रहा है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों, स्वास्थ्य केंद्रों और अन्य संस्थानों तक Last Mile Connectivity के माध्यम से हाई-स्पीड ब्रॉडबैंड पहुंचाने में मदद मिलेगी।
पॉलीकैब के साथ BSNL की रणनीतिक साझेदारी
BSNL ने व्यावसायिक और तकनीकी क्षेत्र में पॉलीकैब के साथ भी रणनीतिक साझेदारी की है। Hardware-as-a-Service (HaaS) मॉडल के माध्यम से अगली पीढ़ी के Integrated Business Solutions (IBS) उपलब्ध कराने की दिशा में यह साझेदारी की गई है। कंपनी का कहना है कि इससे लागत प्रभावी और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने में मदद मिलेगी।
DGM रूपेंद्र पाठक ने कहा कि BSNL का लक्ष्य देश के प्रत्येक हिस्से तक सुरक्षित, विश्वसनीय और किफायती डिजिटल कनेक्टिविटी पहुंचाना है। इस अवसर पर सहायक महाप्रबंधक (ऑपरेशन) अब्दुल मजीद, SDO विकास कुमार और JTO अमन कुमार समेत विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
BSNL Freedom 2.0 Offer, BSNL ₹1 मोबाइल प्लान, BSNL ₹1111 Fiber Plan, BSNL 4G Tower Chapra, छपरा BSNL समाचार, BSNL Broadband Plan, BSNL OTT Offer, BSNL Bihar, 100 नए 4G टावर छपरा

