घोरहट पंचायत में सहयोग शिविर में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़, 100 से अधिक आवेदन मिले
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी प्रखंड की घोरहट पंचायत में आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए आयोजित सहयोग शिविर में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ रही है। शिविर में राशन कार्ड, बिजली बिल समेत विभिन्न सरकारी योजनाओं और आवश्यक सेवाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग काउंटर लगाए गए हैं। ग्रामीण इन काउंटरों पर पहुंचकर अपनी समस्याएं दर्ज करा रहे हैं और संबंधित सेवाओं के लिए आवेदन जमा कर रहे हैं।
मुखिया प्रतिनिधि शैलेश्वर मिश्रा ने बताया कि सहयोग शिविर को लेकर ग्रामीणों में काफी उत्साह है। अब तक राशन कार्ड, बिजली तथा अन्य विभागीय योजनाओं से संबंधित 100 से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि शिविर में कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को काफी राहत मिल रही है।
उन्होंने बताया कि राशन कार्ड से संबंधित आवेदनों की पंचायत स्तर पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। विभागीय स्वीकृति मिलने के बाद पात्र लाभुकों का नया राशन कार्ड जल्द जारी किया जाएगा। वहीं बिजली से संबंधित समस्याओं और अन्य विभागीय मामलों को भी संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखा जा रहा है, ताकि उनका त्वरित समाधान कराया जा सके।
सहयोग शिविर में जिला स्तर से पहुंचे पदाधिकारियों के साथ प्रखंड विकास पदाधिकारी उपेंद्र दास, अंचलाधिकारी तथा पुलिस प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों की मौजूदगी में ग्रामीणों की समस्याओं को सुना गया और उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई। शिविर के आयोजन से ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी कार्यालयों का चक्कर लगाने के बजाय पंचायत स्तर पर ही कई सेवाओं का लाभ मिल रहा है।
स्थानीय स्तर पर सरकारी सेवाओं की उपलब्धता से ग्रामीणों में संतोष देखा जा रहा है। पंचायत प्रतिनिधियों और प्रशासन की पहल से आयोजित इस शिविर को ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
घोरहट पंचायत सहयोग शिविर, मांझी प्रखंड समाचार, घोरहट पंचायत खबर, राशन कार्ड शिविर, बिजली बिल समस्या, शैलेश्वर मिश्रा, उपेंद्र दास, मांझी न्यूज, सारण समाचार

