फतेहपुर में सरयू किनारे पुलिस की छापेमारी, 174 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद; दो तस्कर गिरफ्तार
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी थाना पुलिस ने शुक्रवार को गुप्त सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव के समीप सरयू नदी किनारे छापेमारी कर करीब 174 लीटर विभिन्न ब्रांडों की अंग्रेजी शराब बरामद की। पुलिस ने मौके से शराब तस्करी में शामिल दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, मांझी थानाध्यक्ष विनोद कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि फतेहपुर गांव के समीप सरयू नदी के रास्ते बड़ी मात्रा में शराब की खेप लाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही शराब ले जा रहे तस्करों में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान पुलिस ने बोरे में भरकर ले जाई जा रही विभिन्न ब्रांडों की कुल करीब 174 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद कर ली और मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। पुलिस शराब की खेप के स्रोत और इसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों के बीच हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
मांझी शराब बरामद, फतेहपुर शराब तस्करी, सरयू नदी किनारे शराब, 174 लीटर अंग्रेजी शराब, मांझी थाना पुलिस, शराब तस्कर गिरफ्तार, Saran News

