युवाओं की पहल बनी मिसाल: श्रमदान कर विद्यालय और मदरसे का रास्ता किया सुगम
सिवान (बिहार) संवाददाता बिट्टू यादव: सिवान जिले के हसनपुरा प्रखंड अंतर्गत फलपुरा पंचायत स्थित प्राथमिक मकतब विशंभरपुर एवं उसके समीप स्थित मदरसे के पास जलजमाव और कीचड़ की गंभीर समस्या से विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा स्थानीय ग्रामीणों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बरसात के कारण विद्यालय आने-जाने का रास्ता पूरी तरह कीचड़युक्त हो गया था, जिससे बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही थी।
समस्या को देखते हुए स्थानीय युवाओं ने प्रशासन का इंतजार किए बिना सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया और श्रमदान के माध्यम से नाले की सफाई तथा कीचड़ हटाने का अभियान चलाया। युवाओं के इस सामूहिक प्रयास से जल निकासी का रास्ता साफ हुआ और विद्यालय व मदरसे तक पहुंचने का मार्ग फिर से सुगम हो गया।
इस सामाजिक अभियान में महमूद खान, अब्दुल काशिफ, नदीम खान, खालिद, अफजल, बबलू, अब्दुल करीम सहित कई युवाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। सभी ने मिलकर घंटों मेहनत कर रास्ते को साफ किया, जिसकी स्थानीय लोगों ने मुक्तकंठ से सराहना की।
प्राथमिक मकतब विशंभरपुर के प्रधान शिक्षक संतोष सेनानी यादव ने युवाओं के इस कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि शिक्षा संस्थानों के आसपास स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण बनाए रखना पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इन युवाओं ने निस्वार्थ भाव से श्रमदान कर समाज के सामने एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है और ऐसे युवाओं का सम्मान होना चाहिए।
विद्यालय के शिक्षक फिरोज अहमद ने भी सभी युवाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज सेवा और सहयोग की भावना ही सच्ची इंसानियत की पहचान है। वहीं ग्रामीणों ने कहा कि यदि समाज इसी प्रकार एकजुट होकर जनहित के कार्यों में भागीदारी निभाए, तो छोटी-बड़ी अनेक समस्याओं का समाधान आसानी से किया जा सकता है।
हसनपुरा समाचार, सिवान समाचार, युवाओं का श्रमदान, प्राथमिक मकतब विशंभरपुर, फलपुरा पंचायत, विद्यालय में जलजमाव, समाजसेवा, सिवान न्यूज, बिहार न्यूज

