आधारभूत दक्षता बढ़ाने को 30 जुलाई से चलेंगी विशेष कक्षाएं, बीआरसी में प्रधानाध्यापकों को दिए गए दिशा-निर्देश
सिवान (बिहार) संवाददाता बिट्टू यादव: प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी) परिसर में सोमवार को प्रधानाध्यापकों की बैठक दो पालियों में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) सौरभ सुमन ने की। बैठक में विद्यार्थियों के आधारभूत मूल्यांकन, उसकी रिपोर्टिंग तथा विशेष कक्षाओं के सफल संचालन को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रशिक्षक शशि भूषण श्रीवास्तव एवं विशाल कुमार ने बताया कि 21 एवं 22 जुलाई को सभी संकुलों पर शिक्षकों का प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण के उपरांत निर्धारित मूल्यांकन प्रपत्र के माध्यम से विद्यार्थियों का आधारभूत मूल्यांकन कराया जाएगा तथा उसकी रिपोर्ट संकुल स्तर पर जमा की जाएगी।
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सौरभ सुमन ने बताया कि बीआरसी स्तर से समेकित प्रतिवेदन तैयार कर 29 जुलाई तक जिला शिक्षा कार्यालय को भेजा जाएगा। मूल्यांकन के आधार पर 30 जुलाई से विशेष कक्षाओं का संचालन प्रारंभ होगा। इसके बाद 1 अगस्त से 30 अगस्त तक विद्यालयों में नामित शिक्षकों द्वारा नियमित रूप से विशेष कक्षाएं संचालित कर बच्चों की आधारभूत दक्षताओं को विकसित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के प्रभावी अनुश्रवण एवं निगरानी की जिम्मेदारी सहायक नोडल पदाधिकारियों एवं बीआरपी को सौंपी गई है। जिला शिक्षा कार्यालय से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी विद्यालयों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही सभी प्रधानाध्यापकों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर मिशन मोड में कार्यक्रम की सभी गतिविधियों को पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में एमडीएम प्रभारी विषकेतु यादव, लेखापाल संजय गुप्ता, रविंद्र कुमार, हरिचरण यादव, संजय यादव, पूनम गुप्ता, रितु सिन्हा, कुमार विभव, अजय भारती, उपेंद्र सिंह, अनिल सिंह सहित सभी प्रधानाध्यापक एवं संबंधित शिक्षा विभाग के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Daraunda News, Siwan News, BRC Meeting, Headmasters Meeting, BEO Saurabh Suman, Foundational Learning, Special Classes, Bihar Education Department, School Education Bihar, Basic Learning Assessment

