दारौंदा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 125 लीटर महुआ शराब बरामद, चार तस्कर गिरफ्तार, एक फरार
सिवान (बिहार) संवाददाता बिट्टू यादव: दारौंदा थाना पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कोल्हुआ गांव स्थित एक बगीचे में छापेमारी कर 125 लीटर महुआ शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान चार शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक नामजद आरोपित सहित कई अन्य लोग पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शराब लदी एक बाइक भी जब्त की है।
थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने बताया कि रविवार शाम गुप्त सूचना मिली थी कि कोल्हुआ गांव में प्रभु यादव के बगीचे में अवैध महुआ शराब की बिक्री की जा रही है और वहां कई लोग शराब का सेवन कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने बगीचे की घेराबंदी कर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोग भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर मिल्की माधवापुर निवासी मैनेजर राम एवं राजकुमार राम तथा कोल्हुआ निवासी सूरज कुमार राम और अरविंद राम को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों की तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 85 लीटर महुआ शराब बरामद की। वहीं घटनास्थल पर लावारिस खड़ी एक टीवीएस राइडर बाइक से 40 लीटर महुआ शराब और बरामद की गई। जांच में पता चला कि बाइक अभुई निवासी सचिन चौधरी की है, जो पुलिस की कार्रवाई के दौरान फरार हो गया। पूछताछ में गिरफ्तार सूरज कुमार राम ने बताया कि बाइक पर बरामद शराब सचिन चौधरी ही लेकर आया था और वही शराब की आपूर्ति करता था।
छापेमारी के दौरान मदरापाली निवासी श्रवण कुमार महतो भी मौके से पकड़ा गया। पुलिस ने उसके मुंह से शराब की गंध आने पर पूछताछ की, जिसमें उसने स्वीकार किया कि उसने सूरज कुमार राम से शराब खरीदकर पी थी। उसके विरुद्ध शराब सेवन के आरोप में अलग से मामला दर्ज किया जा रहा है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि इस मामले में दारौंदा थाना कांड संख्या 304/2026 के तहत बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार चारों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपित सचिन चौधरी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
Daraunda News, Saran News, Bihar Liquor Ban, Mahua Liquor Seized, Daraunda Police, Illegal Liquor, Bihar Excise Act, Liquor Smugglers Arrested, Chapra Crime News, Bihar Police

