मांझी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बलिया मोड़ से 304 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ बोलेरो जब्त, चालक गिरफ्तार
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के मांझी थाना पुलिस ने शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार को स्थानीय बलिया मोड़ के समीप एक बोलेरो वाहन से 304 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस दौरान वाहन चालक को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस गिरफ्तार चालक से पूछताछ कर शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश से जयप्रभा सेतु के रास्ते बिहार में अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप लाई जा रही है। सूचना के आधार पर जयप्रभा सेतु के एप्रोच रोड पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान उत्तर प्रदेश की ओर से आ रही एक बोलेरो को रोकने का प्रयास किया गया।
पुलिस जांच देखकर चालक वाहन छोड़कर भागने लगा, लेकिन ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों ने पीछा कर उसे दबोच लिया। जब बोलेरो की तलाशी ली गई तो उसमें विभिन्न ब्रांड की कुल 304 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब और वाहन दोनों को जब्त कर लिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि इस मामले में शराब तस्करी से जुड़े अन्य आरोपितों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
इस कार्रवाई में एएसआई विनोद कुमार भारती, एएसआई अनिल कुमार तथा जिला शस्त्र बल के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मांझी शराब बरामद, सारण शराब तस्करी, 304 लीटर अंग्रेजी शराब, मांझी थाना पुलिस, जयप्रभा सेतु शराब तस्करी, बलिया मोड़ बोलेरो जब्त, बिहार पुलिस कार्रवाई

