यात्री सुविधाओं के अभाव में बदहाल मांझी रेलवे हाल्ट, बारिश में छाता लगाकर टिकट बेचने को मजबूर कर्मचारी
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: छपरा–बलिया रेलखंड पर स्थित मांझी रेलवे हाल्ट इन दिनों यात्री सुविधाओं के घोर अभाव के कारण बदहाली का दंश झेल रहा है। बरसात के मौसम में हालात इतने खराब हैं कि टिकट बुकिंग क्लर्क को छाता लगाकर अथवा मोबाइल की रोशनी में रेल टिकट बेचने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। वहीं यात्रियों को भी बारिश से बचने के लिए गमछा या अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है। स्टेशन पर व्याप्त अव्यवस्था रेल प्रशासन के दावों की पोल खोल रही है।
हाल्ट पर बने यात्री विश्रामालय में टूटे हुए बेंच, चारों ओर फैला कीचड़ और छत से टपकता पानी यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार महज दो-तीन महीने पहले निर्मित यात्री विश्रामालय एवं बुकिंग कक्ष की छत से लगातार पानी टपक रहा है, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल उठ रहे हैं।
स्टेशन परिसर में बने शौचालय भी पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं। शौचालय अनुपयोगी होने के कारण यात्रियों, विशेषकर महिलाओं को खुले में शौच के लिए जाना पड़ता है। वहीं शौचालय परिसर में आवारा पशुओं और जहरीले जीव-जंतुओं का डेरा बना रहने से यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
सुरक्षा व्यवस्था भी चिंता का विषय बनी हुई है। वर्षों पहले रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों को यहां से हटा लिया गया था, जिसके बाद यात्रियों में असुरक्षा की भावना बनी रहती है। दूसरी ओर बिजली की तकनीकी खराबी के कारण पिछले 15 दिनों से मांझी रेलवे हाल्ट अंधेरे में डूबा हुआ है, जिससे रात के समय यात्रियों और कर्मचारियों दोनों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
बरसात, पेयजल की समस्या, पर्याप्त बैठने की व्यवस्था का अभाव तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की कमी के कारण प्रतिदिन सैकड़ों यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उल्लेखनीय है कि मांझी रेलवे हाल्ट पर प्रतिदिन उत्सर्ग एक्सप्रेस के अलावा तीन जोड़ी पैसेंजर ट्रेनों का ठहराव होता है, जिससे यहां यात्रियों की अच्छी-खासी आवाजाही रहती है।
स्टेशन संचालक लालबाबू ने बताया कि यात्रियों को हो रही समस्याओं की लिखित सूचना पहले ही वरीय रेलवे अधिकारियों को भेजी जा चुकी है। इसके बावजूद अब तक समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि बिजली नहीं रहने के कारण कई बार मोबाइल की रोशनी में टिकट जारी करने की नौबत आ जाती है, जो यात्रियों और कर्मचारियों दोनों के लिए अत्यंत असुविधाजनक है।
स्थानीय यात्रियों एवं सामाजिक संगठनों ने रेल प्रशासन से मांझी रेलवे हाल्ट की बदहाल व्यवस्था में शीघ्र सुधार करते हुए छत की मरम्मत, शौचालयों का जीर्णोद्धार, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैठने की पर्याप्त सुविधा तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
Manjhi Railway Halt, Chhapra Ballia Rail Section, Saran News, Railway Passenger Facilities, Indian Railways Bihar, Manjhi Station News, Railway Problems, Bihar Railway News, Passenger Shelter, Manjhi Halt

