पटना में 26 से 29 जुलाई तक गूंजेगा रंगमंच का स्वर, ‘आदि शक्ति प्रेमनाथ खन्ना नाट्य महोत्सव’ में नारी शक्ति पर आधारित संगीतमय नाटक होगा मुख्य आकर्षण
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: राजधानी पटना के प्रतिष्ठित प्रेमचंद रंगशाला में 26 से 29 जुलाई 2026 तक तीन दिवसीय ‘आदि शक्ति प्रेमनाथ खन्ना नाट्य महोत्सव’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस महोत्सव में बिहार की विभिन्न रंग संस्थाओं द्वारा सामाजिक, सांस्कृतिक और समकालीन विषयों पर आधारित नाटकों की प्रभावशाली प्रस्तुतियां की जाएंगी। आयोजन का उद्देश्य रंगमंच की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाना, युवा कलाकारों को मंच उपलब्ध कराना तथा समाज में सकारात्मक संदेशों का प्रसार करना है।
महोत्सव का प्रमुख आकर्षण 27 जुलाई को विमला फाउंडेशन की ओर से प्रस्तुत संगीतमय नाटक ‘या देवी सर्वभूतेषु’ होगा। सुप्रसिद्ध साहित्यकार ममता मेहरोत्रा द्वारा लिखित इस कहानी का नाट्य रूपांतरण, परिकल्पना एवं निर्देशन आशुतोष कुमार ने किया है। नाटक नारी सशक्तिकरण की अवधारणा पर आधारित है, जिसमें एक साधारण महिला अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध संघर्ष करते हुए शक्ति, साहस और आत्मसम्मान की प्रतीक बनकर उभरती है।
इस प्रस्तुति का संगीत बिहार के वरिष्ठ रंगकर्मी एवं संगीतकार राजू मिश्रा ने तैयार किया है, जबकि प्रकाश व्यवस्था की जिम्मेदारी अजीत कुमार ने संभाली है। नाटक के सह-निर्देशक गौतम गुलाल हैं। आयोजकों का कहना है कि यह प्रस्तुति महिला शक्ति, सामाजिक न्याय और आत्मसम्मान के संदेश को प्रभावशाली ढंग से दर्शकों तक पहुंचाएगी।
महोत्सव के दौरान राजवीर गुंजन के निर्देशन में रंग गुरुकुल तथा वरिष्ठ रंगकर्मी सुमन कुमार के निर्देशन में कला जागरण की प्रस्तुतियां भी मंचित की जाएंगी। कार्यक्रम में शहर के अनेक रंगकर्मी, साहित्यकार, कलाकार, छात्र एवं कला प्रेमियों की भागीदारी रहने की उम्मीद है।
महोत्सव की आयोजक ममता मेहरोत्रा एवं सहयोगी रोहित कुमार ने संयुक्त रूप से बताया कि यह आयोजन रंगमंच के माध्यम से समाज में जागरूकता, सांस्कृतिक चेतना और रचनात्मक अभिव्यक्ति को नई ऊर्जा देने का प्रयास है। उन्होंने सभी कला प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कलाकारों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।
पटना नाट्य महोत्सव, आदि शक्ति प्रेमनाथ खन्ना नाट्य महोत्सव, या देवी सर्वभूतेषु, ममता मेहरोत्रा, विमला फाउंडेशन, प्रेमचंद रंगशाला, नारी सशक्तिकरण नाटक, पटना सांस्कृतिक कार्यक्रम

