सिसवन थाना परिसर में मोहर्रम को लेकर शांति समिति की बैठक संपन्न
ताजिया जुलूस निर्धारित मार्ग और तय समय के अनुसार ही, अन्यथा होगी कार्रवाई: थाना अध्यक्ष
सिवान (बिहार): मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को सिसवन थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना अध्यक्ष चित्ररंजन कुमार ने की।
बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश कुमार, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, ताजिया कमेटी के सदस्य तथा क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
थाना अध्यक्ष चित्ररंजन कुमार ने कहा कि मोहर्रम भाईचारे और आपसी सद्भाव का पर्व है। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाह या उकसावे में नहीं आने की अपील की। साथ ही निर्देश दिया कि ताजिया जुलूस निर्धारित मार्ग और तय समय के अनुसार ही निकाला जाए। उन्होंने कहा कि डीजे एवं लाउडस्पीकर के उपयोग में प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन अनिवार्य होगा तथा असामाजिक तत्वों पर प्रशासन की विशेष नजर रहेगी।
प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश कुमार ने भी लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने और प्रशासन को सहयोग करने की अपील की। वहीं उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ताजिया कमेटी के सदस्यों ने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में मोहर्रम पर्व हमेशा की तरह शांतिपूर्ण माहौल में मनाया जाएगा।
बैठक के अंत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

