मटियार स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्र को मिला राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणपत्र, स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन
एनक्यूएएस मूल्यांकन में 89.6 अंक हासिल कर मटियार केंद्र ने बढ़ाया मांझी का मान
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत संचालित मटियार स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्र को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) प्रमाणपत्र से सम्मानित किया गया है। यह उपलब्धि केंद्र द्वारा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयासों का परिणाम है।
मंगलवार को सारण के उप विकास आयुक्त लक्ष्मण तिवारी ने मांझी स्वास्थ्य विभाग की टीम को एनक्यूएएस प्रमाणपत्र प्रदान किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मियों में खुशी का माहौल रहा।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रोहित कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर की मूल्यांकन टीम ने केंद्र पर गैर संचारी रोग (NCD), परिवार नियोजन, संचारी रोग नियंत्रण, प्रसव के बाद माता एवं शिशु देखभाल, विभिन्न जांच सेवाओं तथा सामान्य बीमारियों के प्रबंधन सहित कई स्वास्थ्य सेवाओं का गहन निरीक्षण किया था।
मूल्यांकन में मटियार स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्र को 100 में से 89.6 अंक प्राप्त हुए। जबकि एनक्यूएएस प्रमाणपत्र प्राप्त करने के लिए न्यूनतम 70 अंक आवश्यक होते हैं। बेहतर प्रदर्शन के आधार पर केंद्र को यह प्रतिष्ठित प्रमाणपत्र प्रदान किया गया।
डॉ. रोहित कुमार ने बताया कि मटियार केंद्र की सफलता से प्रेरणा लेकर अन्य स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्रों में भी स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाया जा रहा है, ताकि उन्हें भी भविष्य में एनक्यूएएस प्रमाणपत्र प्राप्त हो सके। इस अवसर पर मांझी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सभी स्वास्थ्यकर्मी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

