बारात में नाच को लेकर विवाद, चाकूबाजी में युवक घायल; छह लोगों पर नामजद प्राथमिकी
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी थाना क्षेत्र के डोमाईगढ़ गांव में एक शादी समारोह के दौरान नर्तकियों के साथ नाचने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि विवाद के बाद सात लोगों ने मिलकर मारपीट की और चाकू से हमला कर एक युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया। मामले में पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मांझी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मांझी थाना क्षेत्र के डूमाईगढ़ गांव में आयोजित आवेदक के बेटी के शादी समारोह में बारात के दौरान कुछ युवक नर्तकियों के साथ कथित रूप से अशोभनीय हरकत कर रहे थे। जब स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसके बाद आरोपी वहां से चले गए और कुछ देर बाद रास्ते में घात लगाकर बैठ गए।
शिकायतकर्ता राजेंद्र राम ने आरोप लगाया है कि उनका भतीजा विशोक राम जब उसी रास्ते से गुजर रहा था तो आरोपितों ने उसे रोक लिया और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए मारपीट शुरू कर दी। बचाव करने पहुंचे सुमन राम को भी लाठी-डंडों से पीटा गया। इसी दौरान आरोपित चंदन सहानी ने कथित तौर पर चाकू निकालकर हमला कर दिया। बीच-बचाव में कई लोग घायल हो गए।
आरोप है कि जयप्रकाश राम को पेट में चाकू मार दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। उसे बचाने पहुंचे रंगीला राम को भी मारपीट कर जख्मी कर दिया गया। घटना के बाद सभी घायलों को मांझी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज किया गया।
पीड़ित पक्ष ने आवेदन में आरोप लगाया है कि घटना के बाद भी आरोपित लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे हैं, जिससे परिवार भयभीत है। मामले में अंबिका बिन, मुक्तिनाथ बिन, मुकेश सहानी, जीत सहानी, सोनू सहानी, सुनील सहानी एवं चंदन सहानी को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। सभी आरोपी डोमाईगढ़ गांव के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

