पहले ही प्रयास में ऑल इंडिया बार एग्जाम पास कर उन्नत कुमार शर्मा ने बढ़ाया सारण का मान
सारण (बिहार): सारण जिले के मांझी प्रखंड अंतर्गत ताजपुर गांव के होनहार युवा उन्नत कुमार शर्मा ने अपने पहले ही प्रयास में ऑल इंडिया बार एग्जामिनेशन (AIBE) उत्तीर्ण कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस सफलता से परिवार, गांव और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है।
उन्नत कुमार शर्मा, श्री पृथ्वीनाथ शर्मा के पुत्र हैं तथा ग्राम ताजपुर, पोस्ट फुलवरिया ताजपुर, प्रखंड मांझी के निवासी हैं। उन्होंने कठिन परिश्रम और लगन के बल पर पहले ही प्रयास में AIBE परीक्षा पास कर अधिवक्ता बनने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।
जानकारी के अनुसार, उन्नत कुमार ने नैनीताल हाई कोर्ट से अपनी इंटर्नशिप पूरी की है। वर्तमान में वे छपरा जिला न्यायालय में वरिष्ठ अधिवक्ताओं के मार्गदर्शन में पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपनी विधिक सेवाएं दे रहे हैं। उनकी कार्यशैली और अनुशासन की भी अधिवक्ता जगत में सराहना की जा रही है।
उन्नत कुमार शर्मा की इस सफलता पर उनके माता-पिता, परिजनों एवं ग्रामीणों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और यह संदेश देती है कि मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
उन्नत कुमार शर्मा, AIBE परीक्षा, ऑल इंडिया बार एग्जाम, मांझी समाचार, सारण न्यूज, ताजपुर, छपरा जिला कोर्ट, नैनीताल हाई कोर्ट, बिहार समाचार, युवा अधिवक्ता

