ताजपुर में नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर, 100 से अधिक मरीजों की हुई जांच; चश्मा और दवाएं भी वितरित
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी प्रखंड के ताजपुर स्थित पूर्व उप प्रमुख राम किशुन सिंह के निजी आवास पर अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल की ओर से नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में चिकित्सकों की टीम ने 100 से अधिक मरीजों की आंखों की जांच की। जांच के बाद जरूरतमंद मरीजों के बीच नि:शुल्क चश्मा और दवाओं का वितरण किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर नेत्र जांच का लाभ उठाया।
इस मौके पर पूर्व मुखिया सह वर्तमान पैक्स अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने शिविर की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह के नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन बेहद सराहनीय पहल है। इससे क्षेत्र के लोगों को अपने ही गांव और आसपास के क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधा का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी उनके आवास पर नेत्र जांच एवं उपचार शिविर का आयोजन किया गया था, जिसका स्थानीय लोगों को काफी लाभ मिला।
वहीं आदर्श ग्राम पंचायत राज बरेजा के मुखिया प्रतिनिधि अमरेंद्र सिंह ने कहा कि पंचायत स्तर पर इस तरह के स्वास्थ्य शिविर आयोजित होने से आम लोगों को काफी सहूलियत मिल रही है। ग्रामीणों को इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का चक्कर नहीं लगाना पड़ता है। उन्होंने ऐसे शिविरों का आयोजन अन्य पंचायतों में भी कराने की आवश्यकता जताई, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को इसका लाभ मिल सके।
कार्यक्रम के समापन पर राम किशुन सिंह ने अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल से पहुंची चिकित्सकों की टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि जिन मरीजों को आंखों के ऑपरेशन की आवश्यकता होगी, उनके लिए नि:शुल्क ऑपरेशन की व्यवस्था कराने का भी प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मरीजों को इसके लिए अनावश्यक रूप से इधर-उधर भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी और जरूरतमंदों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
शिविर के दौरान अरुण सिंह, जितेंद्र स्वामी, कविंद्र सिंह, वृजा सिंह, भरत साह, आनंद कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
मांझी नेत्र जांच शिविर, ताजपुर फ्री आई कैंप, अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल, नि:शुल्क चश्मा वितरण, नि:शुल्क दवा वितरण, सारण स्वास्थ्य शिविर, मांझी प्रखंड समाचार, ताजपुर समाचार

