दारौंदा प्रखंड कार्यालय परिसर में देर रात गिरा विशाल पीपल का पेड़, बिजली का खंभा क्षतिग्रस्त; आपूर्ति बाधित
सिवान (बिहार) संवाददाता बिट्टू यादव: दारौंदा प्रखंड कार्यालय परिसर में देर रात एक बेहद पुराना और विशाल पीपल का पेड़ अचानक गिर गया। पेड़ के बिजली के खंभे पर गिरने से खंभा क्षतिग्रस्त हो गया और क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। हालांकि, घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। देर रात हुई इस घटना के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।
पेड़ गिरने से प्रखंड कार्यालय परिसर से होकर गुजरने वाले मार्ग पर आवागमन भी प्रभावित हो गया। सुबह कार्यालय आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग के कर्मी मौके पर पहुंचे तथा सड़क से पेड़ और उसकी टहनियों को हटाने का काम शुरू कराया गया। रास्ते को जल्द से जल्द साफ कर आवागमन सामान्य करने की कवायद जारी है।
वहीं, बिजली विभाग के कर्मचारी क्षतिग्रस्त खंभे, टूटे तारों और बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुटे हुए हैं। विभागीय स्तर पर मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल किए जाने की उम्मीद है। प्रशासन की ओर से पेड़ हटाने और आवागमन सुचारु करने का कार्य युद्धस्तर पर कराया जा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पीपल का पेड़ काफी पुराना और विशाल था। गनीमत रही कि यह घटना देर रात हुई, जिस कारण सड़क पर लोगों की आवाजाही कम थी और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द पेड़ को पूरी तरह हटाकर रास्ता साफ कराने तथा बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।
दारौंदा प्रखंड कार्यालय, विशाल पीपल का पेड़ गिरा, सीवान न्यूज, दारौंदा न्यूज, बिजली आपूर्ति बाधित, बिजली का खंभा क्षतिग्रस्त, Daraunda News, Siwan News

