सारण: टीकाकरण अभियान को लेकर एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं की बैठक, छूटे गर्भवती महिलाओं व बच्चों का बनेगा सूची
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के सभागार में बुधवार को नियमित टीकाकरण कार्यक्रम को लेकर एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रोहित कुमार ने की। इस दौरान क्षेत्र में नियमित टीकाकरण अभियान को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सभी एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में नियमित टीकाकरण से वंचित गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों को चिन्हित कर उनकी सूची तैयार करने का निर्देश दिया गया। स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देशित किया गया कि सूची के आधार पर संबंधित गर्भवती महिलाओं और बच्चों का समय पर टीकाकरण सुनिश्चित कराया जाए, ताकि कोई भी लाभार्थी टीकाकरण से वंचित न रह सके। साथ ही सभी उप स्वास्थ्य केंद्रों एवं टीकाकरण सत्र स्थलों पर अभियान की नियमित समीक्षा करने पर भी जोर दिया गया।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रोहित कुमार ने कहा कि मांझी प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न उप स्वास्थ्य केंद्रों पर नियमित टीकाकरण के कार्य में तेजी आई है। सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर संपूर्ण टीकाकरण की स्थिति की समीक्षा की जा रही है तथा स्वास्थ्यकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नियमित टीकाकरण बच्चों के रोग प्रतिरोधक तंत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और उन्हें विभिन्न संक्रामक रोगों से लड़ने की क्षमता प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि बचपन में होने वाली कई गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए टीकाकरण सबसे प्रभावी और सुरक्षित उपायों में से एक है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य है कि क्षेत्र का कोई भी बच्चा आवश्यक टीकाकरण से वंचित न रहे। बैठक में स्वास्थ्यकर्मियों को अपने-अपने क्षेत्र में परिवारों से संपर्क कर टीकाकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा नियमित टीकाकरण कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया गया।
मांझी स्वास्थ्य केंद्र, नियमित टीकाकरण, एएनएम आशा कार्यकर्ता बैठक, डॉ रोहित कुमार, संपूर्ण टीकाकरण, बच्चों का टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण, स्वास्थ्य विभाग मांझी
#मांझी #सारण #टीकाकरण #नियमितटीकाकरण #ANM #ASHA #स्वास्थ्यविभाग #स्वास्थ्यकर्मी #बच्चोंकाटीकाकरण #गर्भवतीमहिला #संपूर्णटीकाकरण #Maanjhi #SaranNews #BiharNews

