नई दिल्ली व पटना में छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, पीएम व शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: नई दिल्ली के जंतर-मंतर और पटना में छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज तथा कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित अन्य नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में गुरुवार को सारण जिला कांग्रेस कमिटी के बैनर तले छपरा शहर में विरोध-प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आक्रोश मार्च निकालकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया तथा केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
जिलाध्यक्ष डॉ. शंकर चौधरी के नेतृत्व में नगर पालिका चौक से थाना चौक तक निकाले गए आक्रोश मार्च में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक, प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं तथा छात्रों और युवाओं पर पुलिस कार्रवाई का विरोध किया। मार्च के समापन पर कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री और केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।
सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष डॉ. शंकर चौधरी ने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों और विपक्षी नेताओं के साथ पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में असहमति की आवाज को बल प्रयोग से दबाने के बजाय संवाद के माध्यम से समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने नीट परीक्षा प्रकरण को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग करते हुए छात्रों पर दर्ज मामलों को वापस लेने और गिरफ्तार लोगों को रिहा करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर सरकार को संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा छात्रों के हितों से जुड़े मामलों का शीघ्र समाधान करने की मांग की। कार्यक्रम में ओबीसी के जिलाध्यक्ष हरेश यादव, कन्हैया गिरी, डॉ. ब्रजेंद्र सिंह आजाद, मनोज कुमार सिंह, अब्दुल कादिर खान, फिरोज इकबाल, राहुल कुमार यादव, यासिन आजाद, कुमार विशाल सिंह, मणिकांत सिंह, संदीप रौशन, फैसल अनवर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सारण कांग्रेस प्रदर्शन, छपरा कांग्रेस विरोध प्रदर्शन, छात्रों पर लाठीचार्ज, जंतर मंतर प्रदर्शन, पटना छात्र प्रदर्शन, राहुल गांधी गिरफ्तारी, प्रियंका गांधी, नीट परीक्षा, धर्मेंद्र प्रधान, डॉ शंकर चौधरी, छपरा न्यूज

