सिसवन अंचलाधिकारी ने सरौत में सरकारी जमीन से हटाया अतिक्रमण, कंटीले तारों से कराई घेराबंदी
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड के सरौत गांव में सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ अंचल प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जमीन को अतिक्रमणमुक्त कराया। सिसवन अंचलाधिकारी उदयन सिंह के नेतृत्व में राजस्व टीम मौके पर पहुंची और जांच एवं मापी के बाद सरकारी भूमि से अवैध कब्जा हटवाया।
जानकारी के अनुसार, सरौत गांव में सरकारी खाते की करीब 49-17-17 धुर जमीन पर कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से अवैध कब्जा किया गया था। मामले की जांच और जमीन की मापी के बाद अंचलाधिकारी ने अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया। प्रशासनिक कार्रवाई के बाद सरकारी जमीन को कब्जामुक्त करा लिया गया।
अतिक्रमण हटाने के बाद प्रशासन ने जमीन को दोबारा अतिक्रमण से बचाने के लिए उसके चारों ओर कंटीले तारों से घेराबंदी भी कराई। कार्रवाई के दौरान अंचलाधिकारी उदयन सिंह के साथ अंचल अमीन, राजस्व कर्मी और पुलिस बल मौजूद रहे। प्रशासन की इस कार्रवाई से मौके पर किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।
अंचलाधिकारी उदयन सिंह ने स्पष्ट किया कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सिसवन प्रखंड में सरकारी भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा तथा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। वहीं, सरकारी जमीन की कंटीले तारों से घेराबंदी किए जाने से भविष्य में दोबारा अतिक्रमण किए जाने की आशंका भी कम हो गई है।
: सिसवन अंचलाधिकारी, सरौत अतिक्रमण हटाओ अभियान, सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाया, सीओ उदयन सिंह, सिसवन समाचार, सीवान समाचार, सरकारी भूमि अतिक्रमण, सरौत गांव, अंचल प्रशासन कार्रवाई
#SiswanNews #SiwanNews #Saraut #EncroachmentRemoval #GovernmentLand #COUdayanSingh #BiharNews #SiwanAdministration #JagatDarshanNews

