श्रावणी मेले की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा, बाबा महेंद्रानाथ मंदिर में व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश
सिवान (बिहार): आगामी श्रावणी मेले को लेकर सोमवार को जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय एवं पुलिस अधीक्षक पुरण कुमार झा ने ऐतिहासिक बाबा महेंद्रानाथ मंदिर पहुंचकर तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और मेले के दौरान भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने, खराब सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने, श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था, शौचालय, पेयजल, बैरिकेडिंग, वाहन स्टैंड, सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरे लगाने सहित विभिन्न तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने मंदिर तक पहुंचने वाले मार्गों पर अतिक्रमण की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उसे तत्काल हटाने का निर्देश दिया।
डीएम ने सिसवन अंचलाधिकारी उदयन सिंह को निर्देशित किया कि मंदिर परिसर एवं मुख्य मार्गों से अतिक्रमण तत्काल हटाया जाए, ताकि श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए मंगलवार तक सभी आवश्यक तैयारियां हर हाल में पूरी करने का निर्देश दिया।
वहीं, पुलिस अधीक्षक पुरण कुमार झा ने मेले के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस-प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी।
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न व्यवस्थाओं की प्रगति से डीएम एवं एसपी को अवगत कराया। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी, जिससे श्रावणी मेले में बाबा महेंद्रानाथ मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और मेला शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सके।
इस अवसर पर एडीएम आशुतोष कुमार गुप्ता, बालेंदु कुमार, जेई अवधेश कुमार, प्रधान पुजारी तारकेश्वर उपाध्याय, मुखिया प्रतिनिधि सतेंद्र भारती, अभिषेक तिवारी, आलोक तिवारी, नीतेश कुमार, स्वच्छता समन्वयक सहित अन्य अधिकारी एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
सिसवन श्रावणी मेला, बाबा महेंद्रनाथ मंदिर, डीएम विवेक रंजन मैत्रेय, एसपी पुरण कुमार झा, श्रावणी मेला तैयारी, महेंद्रनाथ मंदिर मेला, सिसवन समाचार, सीवान समाचार, सावन मेला सुरक्षा व्यवस्था, बाबा महेंद्रनाथ मंदिर निरीक्षण

