चैनपुर पुलिस की शराबबंदी कानून के तहत बड़ी कार्रवाई, शराब पीने के आरोप में एक गिरफ्तार; 55 लीटर शराब के साथ दो तस्कर भी दबोचे
सिवान (बिहार): चैनपुर थाना पुलिस ने शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अलग-अलग कार्रवाई में एक व्यक्ति को शराब पीने के आरोप में गिरफ्तार किया है। वहीं, दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने रामगढ़ गांव से कुल 55 लीटर शराब बरामद करते हुए दो कथित शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत भेज दिया गया है।
चैनपुर थानाध्यक्ष विजय रंजन ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नगई गांव में एक व्यक्ति शराब का सेवन कर रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने तत्काल छापेमारी की। इस दौरान नगई गांव निवासी गणेश महतो को शराब पीने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई के लिए उसे सिवान न्यायालय भेज दिया।
इसी क्रम में चैनपुर थाना पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ दूसरी कार्रवाई करते हुए रामगढ़ गांव से 10 लीटर देसी बबली शराब और 45 लीटर महुआ चुलाई शराब, कुल 55 लीटर शराब बरामद की। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रामगढ़ गांव में शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी की और मौके से दो कथित तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रामगढ़ गांव निवासी रामदेव महतो के पुत्र धर्मेंद्र महतो और सुदर्शन महतो के पुत्र रामनाथ महतो के रूप में हुई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
थानाध्यक्ष विजय रंजन ने कहा कि चैनपुर थाना क्षेत्र में शराब के सेवन, अवैध बिक्री और तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी और अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए आगे भी लगातार छापेमारी अभियान चलाया जाएगा।
चैनपुर पुलिस, सीवान शराब बरामदगी, चैनपुर थाना, शराबबंदी कानून, 55 लीटर शराब बरामद, शराब तस्कर गिरफ्तार, गणेश महतो गिरफ्तार, धर्मेंद्र महतो, रामनाथ महतो, बिहार शराबबंदी, सीवान क्राइम न्यूज

