प्रवेशोत्सव पर बच्चों के चेहरों पर बिखरी मुस्कान, श्री गणेश युवा सेवा संगठन ने बांटी स्टेशनरी और चरण पादुका
सरूपगंज (राजस्थान) संवाददाता रणजीत जीनगर: नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के प्रवेशोत्सव के अवसर पर श्री गणेश युवा सेवा संगठन, सिरोही द्वारा संचालित "मुस्कान एक लक्ष्य" अभियान के तहत पिंडवाड़ा ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में जरूरतमंद बच्चों के बीच स्टेशनरी एवं चरण पादुका का वितरण किया गया। इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना और नए सत्र की शुरुआत को उत्साहपूर्ण बनाना था।
संगठन के सदस्य रणजीत जीनगर ने बताया कि राजकीय प्राथमिक विद्यालय नाथनगर, भीमाणा में 38 विद्यार्थियों, राजकीय प्राथमिक विद्यालय डोला फली, भीमाणा में 86 विद्यार्थियों तथा आंगनवाड़ी केंद्र भीमाणा में 29 बच्चों को स्टेशनरी सामग्री वितरित की गई। इस प्रकार कुल 153 बच्चों को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई गई।
इस सेवा कार्य में दीपेश जी अग्रवाल के सान्निध्य में संगठन के सदस्य दीपक कलावत, तन्मय गर्ग, अविनाश बोहरा, महेंद्र चौधरी, मुस्कान गुर्जर एवं सक्षम मोहरेसा ने सक्रिय भूमिका निभाई। सभी ने बच्चों को पढ़ाई के प्रति प्रेरित करते हुए शिक्षा को जीवन का सबसे बड़ा आधार बताया।
संगठन की ओर से इस जनसेवा अभियान में तन, मन और धन से सहयोग करने वाले सभी भामाशाहों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। वहीं विद्यालय परिवार की ओर से पूनम एवं लक्ष्मणजी ने श्री गणेश युवा सेवा संगठन तथा सहयोगकर्ताओं का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
सरूपगंज समाचार, सिरोही न्यूज, प्रवेशोत्सव 2026, श्री गणेश युवा सेवा संगठन, मुस्कान एक लक्ष्य, स्टेशनरी वितरण, चरण पादुका वितरण, पिंडवाड़ा ब्लॉक, शिक्षा समाचार

