मांझी में शराब तस्करों पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 279 लीटर अंग्रेजी शराब और एसयूवी कार जब्त
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के मांझी थाना पुलिस ने शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुवार की देर रात महम्मदपुर पुल के समीप लगभग 279 लीटर विभिन्न ब्रांडों की अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस कार्रवाई में तस्करी में प्रयुक्त एक एसयूवी कार भी जब्त की गई है। हालांकि पुलिस को देखते ही वाहन चालक अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गया।
थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जई छपरा से महम्मदपुर मार्ग के रास्ते एक कार में भारी मात्रा में शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही महम्मदपुर पिकेट प्रभारी एवं पुलिस बल ने तत्काल वाहन जांच अभियान शुरू किया।
जांच के दौरान एक संदिग्ध एसयूवी कार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने कार की तलाशी ली, जिसमें 279 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई। बरामद शराब और वाहन को जब्त कर लिया गया है।
पुलिस ने जब्त वाहन के मालिक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली है तथा फरार चालक और शराब तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। मांझी थाना पुलिस का कहना है कि जिले में शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मांझी शराब बरामद, सारण पुलिस, अंग्रेजी शराब जब्त, शराब तस्करी, मांझी थाना, महम्मदपुर पुल, बिहार शराबबंदी, SUV जब्त, Saran News, Manjhi News

