निमहांस बेंगलुरु के राष्ट्रीय न्यूरोसर्जरी सम्मेलन में भाव फाउंडेशन की डॉ. प्रतीक्षा बालिगा का शोध-पत्र प्रस्तुत
बिलासपुर: 18 जुलाई 2026
अटल बिहारी वाजपेयी ट्रस्ट–भाव फाउंडेशन के लिए गौरव का क्षण तब आया, जब संस्था की पब्लिक हेल्थ स्ट्रेटेजिस्ट डॉ. प्रतीक्षा बालिगा ने देश के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेंटल हेल्थ एंड न्यूरोसाइंसेज़ (NIMHANS), बेंगलुरु में आयोजित न्यूरोलॉजिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया (NSI) राष्ट्रीय सम्मेलन-2026 में संस्था का प्रतिनिधित्व किया।
इस राष्ट्रीय सम्मेलन में देशभर के वरिष्ठ न्यूरोसर्जन, न्यूरोलॉजिस्ट, शोधकर्ता, रेजिडेंट चिकित्सक एवं चिकित्सा विशेषज्ञों ने भाग लिया। सम्मेलन के दौरान डॉ. प्रतीक्षा बालिगा के शोध-पत्र "डिकम्प्रेसिव क्रेनियेक्टॉमी के बाद होने वाली पैराडॉक्सिकल हर्नियेशन की शीघ्र पहचान एवं प्रभावी प्रबंधन" का वैज्ञानिक प्रस्तुतीकरण के लिए चयन किया गया। यह चयन सम्मेलन की वैज्ञानिक समिति द्वारा शोध की गुणवत्ता, नवीनता, क्लिनिकल उपयोगिता एवं वैज्ञानिक महत्व के आधार पर किया गया।
अपने प्रस्तुतीकरण में डॉ. बालिगा ने डिकम्प्रेसिव क्रेनियेक्टॉमी के बाद उत्पन्न होने वाली दुर्लभ लेकिन अत्यंत गंभीर जटिलता पैराडॉक्सिकल हर्नियेशन की समय पर पहचान, सटीक निदान और प्रभावी उपचार रणनीतियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इस जटिलता की शीघ्र पहचान मरीज के जीवन की रक्षा करने तथा गंभीर न्यूरोलॉजिकल क्षति को रोकने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उनके शोध को सम्मेलन में उपस्थित विशेषज्ञों ने सराहा तथा विषय पर उपयोगी वैज्ञानिक चर्चा भी की।
यह उपलब्धि न केवल डॉ. प्रतीक्षा बालिगा की चिकित्सा एवं शोध क्षेत्र में उत्कृष्टता को दर्शाती है, बल्कि अटल बिहारी वाजपेयी ट्रस्ट–भाव फाउंडेशन द्वारा स्वास्थ्य अनुसंधान, जनस्वास्थ्य जागरूकता, चिकित्सा शिक्षा तथा साक्ष्य-आधारित स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता का भी प्रमाण है।
इस अवसर पर भाव फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष जी.पी. तिवारी ने डॉ. प्रतीक्षा बालिगा को बधाई देते हुए कहा कि किसी प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मेलन में संस्था का प्रतिनिधित्व करना और शोध-पत्र का प्रस्तुतीकरण के लिए चयनित होना पूरे संगठन के लिए गर्व की बात है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. बालिगा भविष्य में भी चिकित्सा अनुसंधान एवं जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देती रहेंगी तथा युवा चिकित्सकों के लिए प्रेरणा स्रोत बनेंगी।
भाव फाउंडेशन ने डॉ. प्रतीक्षा बालिगा को इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं निरंतर सफलता की कामना की।
डॉ. प्रतीक्षा बालिगा, NIMHANS बेंगलुरु, राष्ट्रीय न्यूरोसर्जरी सम्मेलन 2026, NSI Conference 2026, भाव फाउंडेशन, जीपी तिवारी, डिकम्प्रेसिव क्रेनियेक्टॉमी, पैराडॉक्सिकल हर्नियेशन, मेडिकल रिसर्च, बिलासपुर समाचार
#NIMHANS #Neurosurgery2026 #DrPratikshaBaliga #BhavFoundation #MedicalResearch #Healthcare #BilaspurNews #Neurology #NSI2026 #JagatDarshanNews

