सारण: गैस सिलिंडर लीकेज से भीषण अग्निकांड, नकदी-जेवर समेत लाखों की संपत्ति राख; तटबंध पर शरण लेने को मजबूर हुए कई परिवार
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: सारण जिले के पानापुर थाना क्षेत्र के रामपुररूद्र गांव में शुक्रवार की देर रात गैस सिलिंडर में गैस रिसाव (लीकेज) के कारण भीषण आग लग गई। इस हादसे में कई परिवारों का आशियाना जलकर राख हो गया। आग की चपेट में आने से नकदी, जेवर, अनाज, कपड़े, फर्नीचर और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह नष्ट हो गए। घटना के बाद प्रभावित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को विवश हो गए हैं और फिलहाल सारण तटबंध पर शरण लिए हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, रामपुररूद्र गांव निवासी श्यामबाबू महतो के घर की महिलाएं रात में भोजन बना रही थीं। इसी दौरान गैस सिलिंडर से अचानक गैस का रिसाव शुरू हुआ और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। घर में मौजूद लोगों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, लेकिन कुछ ही मिनटों में आग पूरे घर में फैल गई। आग की भयावह लपटों के कारण ग्रामीण भी तत्काल आग बुझाने का साहस नहीं जुटा सके।
सूचना मिलते ही पानापुर थाना पुलिस एवं अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था। इस अग्निकांड में श्यामबाबू महतो और वीरेंद्र महतो के घर पूरी तरह जल गए, जबकि हरेसर महतो, राजेश महतो और उपेंद्र महतो के घरों को भी आंशिक क्षति पहुंची। पीड़ित परिवारों के अनुसार आग से लाखों रुपये की संपत्ति नष्ट हो गई है।
घटना की सूचना मिलते ही मुखिया प्रतिनिधि वकील राय मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता के साथ भोजन की व्यवस्था कराई। वहीं पूर्व जिला परिषद प्रतिनिधि अभिषेक रंजन सिंह उर्फ मुनचुन सिंह ने राहत सामग्री के रूप में चावल, आटा, आलू, तिरपाल सहित अन्य आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराईं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि अग्निकांड से प्रभावित परिवारों को आपदा राहत कोष से शीघ्र मुआवजा, आवासीय सहायता एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि अपना सबकुछ गंवा चुके परिवार पुनः सामान्य जीवन शुरू कर सकें।
पानापुर अग्निकांड, रामपुररूद्र आग, गैस सिलिंडर लीकेज, सारण समाचार, छपरा न्यूज, पानापुर थाना, अग्निशमन विभाग, आपदा राहत, गैस सिलेंडर आग, Jagat Darshan News

