शहीदों के सम्मान में रक्तदान शिविर का आयोजन, युवाओं ने किया स्वैच्छिक रक्तदान
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: शहीदों के सम्मान और जरूरतमंद मरीजों की सहायता के उद्देश्य से ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण समिति की साधनापुरी, छपरा स्थित स्थानीय शाखा द्वारा शुक्रवार को सदर अस्पताल परिसर स्थित ब्लड बैंक में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान कर मानव सेवा और सामाजिक दायित्व का प्रेरणादायक संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था प्रमुख डॉ. अंजु सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा महादान है और यह किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने का माध्यम बनता है। उन्होंने कहा कि नियमित अंतराल पर इस प्रकार के रक्तदान शिविर आयोजित होने से रक्त की कमी के कारण किसी मरीज की जान नहीं जाएगी। साथ ही शहीदों की स्मृति में रक्तदान करना उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि देने का एक सार्थक प्रयास है।
डॉ. अंजु सिंह ने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान करना चाहिए। इससे एक ओर जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान मिलता है तो दूसरी ओर रक्तदाता के स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना संस्था का प्रमुख उद्देश्य है।
शिविर में करीब एक दर्जन लोगों ने अपना पंजीकरण कराया। सफल रक्तदाताओं को संस्था की ओर से प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न (मोमेंटो) प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर रक्तदाताओं ने भविष्य में भी नियमित रूप से रक्तदान करने का संकल्प लिया।
रक्तदान शिविर के सफल आयोजन में सदर अस्पताल ब्लड बैंक के धर्मवीर, मनोज कुमार एवं अन्य कर्मियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। वहीं संस्था की ओर से धर्मेंद्र रस्तोगी, सद्दाम हुसैन, मणि शाही, प्रीति शाही, अभिराज सिंह सहित कई सदस्य सक्रिय रूप से उपस्थित रहे। शिविर में अंकित राज, राहुल यादव, अवकाश सिंह, अभिराज सिंह सहित अन्य युवाओं ने स्वैच्छिक रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।
कार्यक्रम के समापन पर संस्था ने सभी रक्तदाताओं, चिकित्साकर्मियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम लगातार आयोजित करने का संकल्प दोहराया।
छपरा सदर अस्पताल ब्लड बैंक में आयोजित रक्तदान शिविर में रक्तदान करते युवा एवं उपस्थित संस्था के पदाधिकारी।
छपरा रक्तदान शिविर, शहीदों के सम्मान में रक्तदान, डॉ अंजु सिंह, ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण समिति, सदर अस्पताल ब्लड बैंक, सारण समाचार, रक्तदान महादान, छपरा न्यूज

