मांझी के मध्य विद्यालय नन्दपुर में बड़ा हादसा टला, बरामदे की छत गिरी; 318 बच्चों की सुरक्षा पर मंडराया खतरा
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के मांझी प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय, नन्दपुर में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। विद्यालय के बरामदे की जर्जर छत अचानक भरभराकर गिर गई। राहत की बात यह रही कि घटना के समय छात्र-छात्राएं वहां मौजूद नहीं थे, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद विद्यालय भवन की सुरक्षा को लेकर शिक्षकों, अभिभावकों और ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक द्वारा जिला शिक्षा पदाधिकारी, सारण को भेजे गए पत्र में बताया गया है कि 13 जुलाई 2026 को विद्यालय के उस बरामदे की छत अचानक गिर गई, जहां सामान्य दिनों में कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों की पढ़ाई होती है। संयोगवश घटना मध्याह्न भोजन के बाद हुई, जब सभी बच्चे बरामदे और कक्षाओं से बाहर निकल चुके थे। यदि उस समय बच्चे वहां मौजूद रहते, तो गंभीर दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता था। वही बताया जाता है कि दो दिन पहले भी दूसरे बरामदे की छत गिर गई थी। हालांकि उस समय बच्चे बाल बाल बचे थे।
प्रधानाध्यापक ने अपने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि विद्यालय में मात्र चार कमरे हैं, जबकि यहां कक्षा 1 से 8 तक की पढ़ाई होती है। विद्यालय में कुल 318 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं। भवन की सभी छतें जर्जर अवस्था में हैं और बरसात के दिनों में छत से लगातार पानी टपकता है। ऐसे में किसी भी समय भवन का अन्य हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो सकता है, जिससे बच्चों और शिक्षकों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा बना हुआ है।
विद्यालय प्रशासन ने जिला शिक्षा पदाधिकारी से भवन का तत्काल तकनीकी निरीक्षण कराने, जर्जर भवन की मरम्मत अथवा नए भवन निर्माण की दिशा में शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही घटना से संबंधित छायाचित्र भी विभाग को उपलब्ध कराए गए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि विद्यालय भवन की स्थिति लंबे समय से खराब है। यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में कोई बड़ी अप्रिय घटना हो सकती है। ग्रामीणों ने भी शिक्षा विभाग से बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
मध्य विद्यालय नन्दपुर, मांझी स्कूल हादसा, सारण स्कूल भवन जर्जर, विद्यालय की छत गिरी, बिहार शिक्षा विभाग, जिला शिक्षा पदाधिकारी सारण, स्कूल सुरक्षा, Manjhi School News, Saran News, Bihar School Building News

