सिसवन के चैनपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 225 लीटर शराब बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार
सिवान (बिहार): चैनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। इस दौरान पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
चैनपुर थाना अध्यक्ष विजय रंजन कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि चैनपुर के पासी टोला में अवैध शराब का कारोबार किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित स्थान पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान कुल 225 लीटर शराब बरामद की गई, जिसमें 58 लीटर देशी शराब तथा 167 लीटर विदेशी शराब शामिल है।
पुलिस ने मौके से चैनपुर पासी टोला निवासी अभिषेक चौधरी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि शराब का नेटवर्क किन-किन लोगों से जुड़ा हुआ है।
थानाध्यक्ष विजय रंजन कुमार ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर शराब तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा।

