18वीं राज्य स्तरीय रोड साइकिलिंग प्रतियोगिता की मेजबानी को तैयार सारण, 18-19 जुलाई को बिहार के खिलाड़ी दिखाएंगे दम
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: सारण जिला पहली बार 18वीं राज्य स्तरीय रोड साइकिलिंग प्रतियोगिता की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है। 18 एवं 19 जुलाई को आयोजित होने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों से सैकड़ों साइकिलिंग खिलाड़ी भाग लेंगे। प्रतियोगिता को लेकर गुरुवार को जिला अतिथि गृह, छपरा में सारण साइकिलिंग संघ द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी गई। आयोजकों ने इसे सारण को बिहार के खेल मानचित्र पर नई पहचान दिलाने वाला महत्वपूर्ण आयोजन बताया।
सारण जिला साइकिलिंग संघ के अध्यक्ष डॉ. देव कुमार सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। खिलाड़ियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए चिकित्सा सुविधा, रूट मैनेजमेंट, तकनीकी व्यवस्था, निष्पक्ष प्रतियोगिता संचालन तथा यातायात नियंत्रण के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। आयोजन स्थल एवं रेस मार्ग पर सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी, ताकि प्रतिभागियों को बेहतर खेल वातावरण मिल सके।
उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि सारण जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। इस आयोजन से जिले के खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर मिलेगा।
प्रेस वार्ता में संघ के संरक्षक डॉ. सुरेश कुमार सिंह, सचिव संजीव चौधरी, संयुक्त सचिव प्रीति सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने जिला प्रशासन के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि सुरक्षा, चिकित्सा सुविधाओं, यातायात प्रबंधन एवं अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं में प्रशासन का भरपूर सहयोग मिल रहा है।
सारण साइकिलिंग संघ ने जिले के खेल प्रेमियों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे 18 एवं 19 जुलाई को सुबह 5 बजे प्रतियोगिता स्थल पर पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें और इस राज्य स्तरीय आयोजन को सफल बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं। प्रेस वार्ता के दौरान शैलेन्द्र पुरी, संगीता सिंह, आनंद कुमार एवं अर्पित सिंह सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सारण रोड साइकिलिंग प्रतियोगिता, छपरा साइकिलिंग चैंपियनशिप, बिहार राज्य रोड साइकिलिंग प्रतियोगिता 2026, सारण साइकिलिंग संघ, छपरा खेल समाचार, Cycling Championship Saran, Bihar Sports News

