गंडामन त्रासदी की 13वीं बरसी: 23 मासूमों को नम आंखों से दी गई श्रद्धांजलि, सरकारी उपस्थिति नहीं होने पर परिजनों में मायूसी
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: सारण जिले के मशरक प्रखंड के गंडामन गांव में वर्ष 2013 की दर्दनाक मिड डे मील त्रासदी में जान गंवाने वाले 23 मासूम बच्चों की 13वीं बरसी गुरुवार को श्रद्धा, शोक और भावुक माहौल के बीच मनाई गई। हादसे में अपने बच्चों को खो चुके परिजनों, ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पूजा-अर्चना, हवन और दो मिनट का मौन रखकर उन्हें याद किया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी आफताब आलम, प्रखंड प्रमुख रवि प्रकाश मंटू, नवसृजित विद्यालय की प्रधानाध्यापिका कुमारी लीलावती, माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र-छात्राएं और ग्रामीण उपस्थित रहे। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आयोजित श्रद्धांजलि सभा में सभी ने पुष्प अर्पित कर 23 मासूमों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर महाराजगंज सांसद के प्रतिनिधि बीरबल प्रसाद कुशवाहा ने कहा कि 16 जुलाई 2013 का वह काला दिन आज भी लोगों की स्मृतियों में ताजा है। विद्यालय में मध्यान्ह भोजन खाने के बाद 23 मासूम बच्चों की मौत ने पूरे देश को झकझोर दिया था। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों की शेष समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर जिलाधिकारी सारण को ज्ञापन सौंपा जाएगा, ताकि उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित हो सके।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान कई परिजन अपने बच्चों को याद कर भावुक हो उठे। कुछ परिवार ऐसे भी हैं जिन्होंने इस हादसे में एक से अधिक बच्चों को खोया था। परिजनों ने कहा कि वे ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि भविष्य में किसी भी परिवार को ऐसी हृदयविदारक त्रासदी का सामना न करना पड़े।
कार्यक्रम के दौरान सबसे अधिक चर्चा इस बात की रही कि इतनी बड़ी त्रासदी की 13वीं बरसी पर जिला एवं प्रखंड प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों, स्थानीय विधायक और सांसद की अनुपस्थिति से पीड़ित परिवारों में मायूसी और नाराजगी देखी गई। परिजनों का कहना था कि 13 वर्ष बीत जाने के बाद भी कई परिवार सरकारी सहायता, आवास एवं अन्य घोषित सुविधाओं के पूर्ण लाभ से वंचित हैं। उन्होंने लंबित मुआवजा, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ तथा बच्चों की समाधि स्थल से जुड़े मुद्दों के शीघ्र समाधान की मांग दोहराई।
वक्ताओं ने इस अवसर पर विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, खाद्य सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने 23 मासूमों को पुष्पांजलि अर्पित करते हुए ऐसी त्रासदी की पुनरावृत्ति रोकने का सामूहिक संकल्प लिया।
गंडामन त्रासदी, गंडामन 13वीं बरसी, मिड डे मील हादसा, मशरक समाचार, सारण न्यूज, छपरा न्यूज, 23 मासूम श्रद्धांजलि, गंडामन गांव, बिहार समाचार

