राँची में श्रद्धा और उल्लास के साथ निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने खींचा रथ
रांची (झारखंड) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: राजधानी राँची के ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मंदिर में गुरुवार को भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ संपन्न हुई। इस अवसर पर झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एवं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं देवी सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
पूजा-अर्चना के उपरांत राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं के साथ महाप्रभु जगन्नाथ के रथ की रस्सी खींचकर रथयात्रा का शुभारंभ किया। जैसे ही रथ आगे बढ़ा, पूरा मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र "जय जगन्नाथ" के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। हजारों श्रद्धालु रथयात्रा में शामिल होकर महाप्रभु के दर्शन एवं रथ खींचने का सौभाग्य प्राप्त करने के लिए उमड़ पड़े। पूरे आयोजन के दौरान भक्ति, आस्था और सांस्कृतिक उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला।
रथयात्रा के शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रदेशवासियों को भगवान जगन्नाथ रथयात्रा की शुभकामनाएं देते हुए ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा एवं धार्मिक महत्व को ध्यान में रखते हुए एक भव्य तोरणद्वार के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह तोरणद्वार मंदिर की गरिमा को और बढ़ाएगा तथा श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।
इस अवसर पर राँची के सांसद एवं केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री, स्थानीय विधायक, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सुरक्षा और व्यवस्थाओं के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई रथयात्रा ने राजधानी को भक्ति और उत्सव के रंग में रंग दिया।
Ranchi Jagannath Rath Yatra, Jagannathpur Temple Ranchi, Hemant Soren, Governor Santosh Kumar Gangwar, Jharkhand News, Jagannath Rath Yatra 2025, Ranchi Religious News, Jagannath Festival, Jharkhand Tourism, Jagannath Temple Ranchi

