सारण: व्यवहार न्यायालय में अधिवक्ताओं की समस्याओं का जल्द होगा समाधान
पटना हाईकोर्ट के निरीक्षी न्यायमूर्ति संदीप कुमार ने किया छपरा व्यवहार न्यायालय का निरीक्षण, नए कोर्ट भवन निर्माण का दिलाया भरोसा
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: पटना हाईकोर्ट के निरीक्षी न्यायमूर्ति संदीप कुमार ने दो दिवसीय निरीक्षण कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को छपरा व्यवहार न्यायालय का दौरा किया। उनके आगमन पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश पुनीत कुमार गर्ग सहित न्यायिक पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने न्यायालय परिसर की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए न्यायिक कार्यों की प्रगति, लंबित मामलों के निष्पादन और आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा की।
कार्यक्रम की शुरुआत न्याय वाटिका परिसर में भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा के अनावरण से हुई। इसके बाद न्यायमूर्ति संदीप कुमार ने जिला एवं सत्र न्यायाधीश पुनीत कुमार गर्ग तथा व्यवहार न्यायालय के न्यायिक पदाधिकारियों के साथ बैठक कर न्यायालय की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक व्यवस्था और लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने न्यायिक प्रक्रिया को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने पर विशेष बल दिया।
निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान बार काउंसिल, छपरा द्वारा आयोजित स्वागत एवं सम्मान समारोह में भी न्यायमूर्ति संदीप कुमार शामिल हुए। बार काउंसिल के अध्यक्ष रवि रंजन सिंह एवं सचिव ने उन्हें पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में रवि रंजन सिंह ने छपरा व्यवहार न्यायालय के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए अधिवक्ताओं की समस्याओं से भी उन्हें अवगत कराया।
समारोह के दौरान अधिवक्ताओं ने न्यायालय परिसर में बैठने की अपर्याप्त व्यवस्था, भवन की कमी तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं न्यायमूर्ति के समक्ष रखीं। इस पर निरीक्षी न्यायमूर्ति ने भरोसा दिलाया कि अधिवक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि भविष्य में नए न्यायालय भवन के निर्माण की दिशा में कार्य किया जाएगा, जिससे सभी अधिवक्ताओं को एक ही परिसर में समुचित सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
न्यायमूर्ति संदीप कुमार ने कहा कि आधुनिक आधारभूत संरचना और बेहतर न्यायिक सुविधाएं न्याय वितरण प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाएंगी। उन्होंने न्यायिक पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं से समन्वय एवं सहयोग की भावना के साथ न्याय व्यवस्था को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।
दो दिवसीय निरीक्षण कार्यक्रम के तहत न्यायमूर्ति संदीप कुमार मढ़ौरा और सोनपुर अनुमंडल व्यवहार न्यायालयों का भी निरीक्षण करेंगे, जहां वे न्यायिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे। उनके इस दौरे को सारण न्यायिक मंडल की आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने और न्यायिक व्यवस्था में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
छपरा व्यवहार न्यायालय के निरीक्षण के दौरान न्यायिक पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं के साथ समीक्षा बैठक करते पटना हाईकोर्ट के निरीक्षी न्यायमूर्ति संदीप कुमार।
छपरा व्यवहार न्यायालय, न्यायमूर्ति संदीप कुमार, पटना हाईकोर्ट, नया न्यायालय भवन, जिला एवं सत्र न्यायाधीश पुनीत कुमार गर्ग, बार काउंसिल छपरा, सारण समाचार, छपरा न्यूज

