सारण: लिफ्ट के बहाने लूट करने वाले अंतरजिला गिरोह का भंडाफोड़, कार-चाकू समेत 3 गिरफ्तार
सारण (बिहार): सारण जिले की मकेर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लिफ्ट देने के बहाने यात्रियों से ठगी और लूटपाट करने वाले अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक कार, एक चाकू, तीन मोबाइल फोन, चार लिफाफे, दो आधार कार्ड तथा ₹8,600 नकद बरामद करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे वाहन जांच अभियान के दौरान 16 जुलाई को गौरी टोला तीनमुहानी के समीप पुलिस ने एक संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया। चालक वाहन लेकर भागने लगा, जबकि कार का पिछला नंबर प्लेट भी ढका हुआ था। पीछा कर वाहन को रोका गया तो उसमें बैठे एक व्यक्ति को अन्य लोग जबरन दबाने का प्रयास कर रहे थे।
पूछताछ में पीड़ित ललन मंडल ने बताया कि वह सोनहो चौक से मधुबनी जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान कार चालक ने मुजफ्फरपुर तक छोड़ने का झांसा देकर उन्हें वाहन में बैठा लिया। रास्ते में आरोपितों ने खुद को कूरियर कंपनी का कर्मचारी बताकर चेकिंग के नाम पर रुपये मांगे और विरोध करने पर चाकू दिखाकर उनकी जेब से नकदी छीन ली।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान शत्रुधन सहनी (पूर्वी चंपारण), दीपक कुमार (पूर्वी चंपारण) और विकास कुमार राय (खगड़िया) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे चौक-चौराहों से यात्रियों को लिफ्ट देने के बहाने कार में बैठाते थे। इसके बाद कूरियर कंपनी की फर्जी जांच का बहाना बनाकर यात्रियों के रुपये और कीमती सामान लिफाफे में रखवाते तथा मौका मिलने पर लिफाफा बदलकर फरार हो जाते थे। विरोध करने वालों को चाकू दिखाकर लूट लिया जाता था।
इस मामले में मकेर थाना कांड संख्या 215/26 दर्ज कर पुलिस ने आरोपितों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और इस तरह की अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
मकेर थाना, सारण पुलिस, लिफ्ट के बहाने लूट, अंतरजिला गिरोह, छपरा अपराध, बिहार पुलिस, कार लूट गिरोह, एसएसपी सारण, मकेर समाचार

