सारण में अधिनायक अनुदेशक भर्ती परीक्षा में ब्लूटूथ गैंग का भंडाफोड़, 8 गिरफ्तार; सिपाही व दो होमगार्ड भी शामिल
छपरा (सारण), 30 जुलाई 2026
गृह रक्षा वाहिनी सेवा संवर्ग में अधिनायक अनुदेशक पद की लिखित परीक्षा के दौरान सारण पुलिस ने कदाचार कराने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए कुल 8 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में दो परीक्षार्थियों के अलावा छह सहयोगी शामिल हैं, जिनमें एक सिपाही तथा दो होमगार्ड जवान भी पाए गए हैं। पुलिस ने आरोपितों के पास से ब्लूटूथ डिवाइस, वॉकी-टॉकी, मोबाइल फोन सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं।
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 29 जुलाई 2026 को बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग द्वारा आयोजित परीक्षा के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों पर कदाचार रोकने के लिए विशेष जांच अभियान चलाया गया। इसी क्रम में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के आदर्श जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नैनी स्थित परीक्षा केंद्र पर फ्रिस्किंग के दौरान दो परीक्षार्थियों के पास संदिग्ध ब्लूटूथ डिवाइस मिला। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि परीक्षा के दौरान बाहर मौजूद उनके सहयोगी वॉकी-टॉकी के माध्यम से उत्तर उपलब्ध कराने वाले थे।
सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस एवं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए परीक्षा केंद्र के बाहर मौजूद छह सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान ब्लूटूथ डिवाइस, वॉकी-टॉकी सेट, चार्जर, बैटरी, नौ मोबाइल फोन, दो आधार कार्ड, दो प्रवेश पत्र, एक हेडफोन तथा एक कार बरामद की गई।
इस मामले में मुफस्सिल थाना कांड संख्या 543/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), बिहार लोक परीक्षा अधिनियम-2024 तथा आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। सभी गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रेतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
सारण पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए कदाचार करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। परीक्षा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के दुरुपयोग, धोखाधड़ी अथवा किसी भी प्रकार की अनियमितता को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सारण पुलिस, छपरा परीक्षा कदाचार, ब्लूटूथ गैंग गिरफ्तार, अधिनायक अनुदेशक परीक्षा, गृह रक्षा वाहिनी भर्ती परीक्षा, बिहार लोक परीक्षा अधिनियम 2024, मुफस्सिल थाना, सारण समाचार

