सारण में वज्रपात का कहर: धान की रोपनी के दौरान दो किसानों की मौत, 14 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से झुलसा
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: सारण जिले में रविवार को हुई तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। धान की रोपनी के दौरान अलग-अलग स्थानों पर वज्रपात की दो घटनाओं में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक 14 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से झुलस गया। लगातार जागरूकता अभियान चलाए जाने के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में लोग खराब मौसम के दौरान खेतों में काम करने को मजबूर हैं, जिससे इस तरह की दुखद घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
पहली घटना कोपा नगर पंचायत क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित खेत में हुई। यहां वार्ड संख्या-1 निवासी 43 वर्षीय ओम प्रकाश मांझी, पिता स्वर्गीय विक्रमा मांझी, अपने 14 वर्षीय पुत्र यश कुमार के साथ धान की रोपनी के लिए बिचड़ा लेकर खेत पहुंचे थे। दोपहर में अचानक मौसम खराब हुआ और तेज बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान उन पर आकाशीय बिजली गिर गई। वज्रपात की चपेट में आने से ओम प्रकाश मांझी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनका पुत्र यश कुमार गंभीर रूप से झुलस गया। घायल किशोर को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
परिजनों ने बताया कि ओम प्रकाश मांझी पेशे से पेंटर थे और अपने पीछे पत्नी उमरावती देवी, तीन पुत्र, एक पुत्री तथा वृद्ध माता-पिता को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी, माता-पिता और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी। स्थानीय लोगों ने सरकार से आपदा राहत योजना के तहत शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है।
इसी बीच दूसरी घटना कोपा थाना क्षेत्र के समहोता गांव में हुई, जहां चन्द्रदीप प्रसाद के इकलौते 14 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। बताया गया कि रोहित खेत में धान की रोपनी करा रहा था। अचानक तेज बारिश के दौरान बिजली गिरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बेटे की असमय मौत से माता-पिता और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
विशेषज्ञों का कहना है कि गरज-चमक और तेज बारिश के दौरान खेत, खुले मैदान, पेड़ के नीचे या जलभराव वाले स्थानों पर जाने से बचना चाहिए। मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन कर और सुरक्षित स्थान पर शरण लेकर ऐसी घटनाओं से बचा जा सकता है।
सारण समाचार, छपरा वज्रपात, आकाशीय बिजली से मौत, धान रोपनी हादसा, कोपा समाचार, समहोता गांव, बिहार मौसम, Lightning Strike Bihar, Saran News, Chapra News

