सारण पुलिस की कानून-व्यवस्था पर एडीजी अमित जैन की सख्ती, समीक्षा बैठक में अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा को लेकर दिए अहम निर्देश
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: बिहार के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) अमित जैन ने रविवार को सारण जिले के दौरे के दौरान जिला अतिथि गृह के सभागार में समीक्षा बैठक कर पुलिस व्यवस्था का व्यापक आकलन किया। बैठक की अध्यक्षता सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार की उपस्थिति में हुई, जिसमें जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) सहित अन्य संबंधित पुलिस पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक के दौरान जिले में विधि-व्यवस्था की स्थिति, अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी, वारंट एवं कुर्की के निष्पादन, आगामी चुनाव की तैयारियों, जनशिकायतों के समयबद्ध निस्तारण तथा पुलिसिंग को अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत समीक्षा की गई।
अपर पुलिस महानिदेशक अमित जैन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, नियमित गश्ती व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा आमजन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर निष्पक्ष, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण पुलिसिंग सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि उच्चाधिकारियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाए तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ आम जनता की सुरक्षा, सेवा और विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। एडीजी ने कहा कि पुलिस की कार्यशैली ऐसी होनी चाहिए जिससे आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत हो और अपराधियों में कानून का भय बना रहे।
बैठक के अंत में जिले की पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक रणनीतियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
सारण पुलिस, एडीजी अमित जैन, छपरा पुलिस समीक्षा बैठक, विनीत कुमार एसएसपी, बिहार पुलिस, अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था, Saran Police News, Chapra News, Bihar Police

