एकमा में सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) का वर्चुअल उद्घाटन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 551 मॉडल स्कूलों का किया एक साथ लोकार्पण
सारण (बिहार) संवाददाता केके सिंह सेंगर: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को बेगूसराय में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम से वर्चुअल माध्यम के जरिए सारण जिले के एकमा प्रखंड स्थित सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्यभर के 551 मॉडल स्कूलों का एक साथ डिजिटल माध्यम से लोकार्पण कर बिहार की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देने की पहल की।
एकमा नगर पंचायत स्थित अलख नारायण सिंह उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह का शुभारंभ राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान से हुआ। इसके बाद प्रभारी प्रधानाध्यापक सारिका द्विवेदी, प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि बच्चा सिंह, नगर पंचायत की मुख्य पार्षद श्वेता रानी, बीडीओ डॉ. अरुण कुमार, सीओ रवि शेखर, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मनीष कुमार, प्रधानाध्यापक मंजीत कुमार तिवारी, दीपक कुमार, भाजपा जिला उपाध्यक्ष चैतेंद्रनाथ सिंह तथा मंडल अध्यक्ष विकास मिश्रा सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर, फीता काटकर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर स्थानीय स्तर पर विद्यालय का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि मॉडल स्कूल की स्थापना से क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक संसाधन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि यह विद्यालय ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का नया केंद्र बनेगा और शिक्षा के स्तर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में बीस सूत्री अध्यक्ष राजेश्वर सिंह, पीओ मनीष कुमार, अखिलेश्वर प्रसाद भोला, विकास सिंह, राजेश कुमार सिंह, अविनाश कुमार सिंह 'टुन्ना', रंजन कुमार, राजेश कुमार, शिक्षिका मनोरमा कुमारी, सुरेश सिंह, प्रमोद शाही, बच्चू लाल सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र-छात्राएं, पंचायत प्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
जनप्रतिनिधियों की अनुपस्थिति बनी चर्चा का विषय
समारोह के दौरान स्थानीय स्तर पर एक महत्वपूर्ण चर्चा जनप्रतिनिधियों की अनुपस्थिति को लेकर भी रही। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मनीष कुमार द्वारा पत्रांक-522, दिनांक 18 जुलाई 2026 के माध्यम से सांसद, विधायक एवं विधान पार्षद सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों को कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण भेजा गया था। इसके बावजूद आमंत्रित जनप्रतिनिधियों में से कोई भी कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हुआ। समारोह के दौरान उनकी अनुपस्थिति लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रही। हालांकि किसी भी जनप्रतिनिधि की ओर से अनुपस्थित रहने का कोई आधिकारिक कारण सार्वजनिक नहीं किया गया।
एकमा मॉडल स्कूल उद्घाटन, सरस्वती विद्या निकेतन एकमा, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, 551 मॉडल स्कूल उद्घाटन, सारण समाचार, छपरा न्यूज, बिहार शिक्षा विभाग, मॉडल स्कूल बिहार, एकमा न्यूज

