भंसाली ग्राम सेवा मंडल में पिछड़े वर्ग की छात्राओं के बीच पहुंचे समाजसेवी, निःशुल्क शिक्षा व्यवस्था की सराहना
नागपुर: 20 जुलाई 2026
नागपुर (महाराष्ट्र): हाल ही में नागपुर के टाकली ग्राम स्थित वर्ष 1950 से संचालित भंसाली ग्राम सेवा मंडल आश्रम में पिछड़े एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की छात्राओं के साथ एक आत्मीय मुलाकात का अवसर प्राप्त हुआ। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी आश्रम का भ्रमण किया गया, जहां महाराष्ट्र के विभिन्न क्षेत्रों से आई बालिकाएं निःशुल्क शिक्षा एवं छात्रावास की सुविधा प्राप्त कर रही हैं।
आश्रम में उपलब्ध शिक्षा, आवास, भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को देखकर अत्यंत प्रसन्नता और संतोष का अनुभव हुआ। छात्राओं ने बताया कि यहां उन्हें परिवार जैसा स्नेहपूर्ण वातावरण मिलता है। सभी सुविधाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं तथा उन्हें शिक्षा के साथ आत्मनिर्भर बनने के लिए भी निरंतर प्रोत्साहित किया जाता है। छात्रावास की सुव्यवस्थित व्यवस्था के कारण उन्हें घर की कमी महसूस नहीं होती।
इस अवसर पर 103 वर्षीय समाजसेवी श्रीमती पुष्पा बेन देसाई, जिन्हें सभी स्नेहपूर्वक 'माताजी' के नाम से जानते हैं, से भी भेंट करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन इस आश्रम की सेवा एवं छात्राओं के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया है। उनके सेवा, समर्पण और सादगीपूर्ण व्यक्तित्व ने सभी को भाव-विभोर कर दिया।
भ्रमण के दौरान संस्था की सचिव प्रेमा ठाकुर, रति चौबे, अधीक्षक रेखा ताई तथा मोतीलाल जी से भी मुलाकात हुई और आश्रम की विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई।
उल्लेखनीय है कि डॉ. चित्रा तूर के पिता श्री दीनदयाल जी गुप्ता, जो पूर्व मंत्री एवं एक कुशल राजनेता रहे हैं, इस आश्रम के अध्यक्ष पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनके मार्गदर्शन और संस्थान से जुड़े सभी सेवाभावी लोगों के प्रयासों से यह आश्रम आज भी समाज के वंचित वर्ग की बालिकाओं के लिए शिक्षा, संस्कार और आत्मनिर्भरता का प्रेरणास्रोत बना हुआ है।

