सारण में बड़ी कार्रवाई: 55 डेबिट कार्ड और 3 मोबाइल के साथ पंजाब का युवक गिरफ्तार
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के इसुआपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 55 डेबिट कार्ड और तीन मोबाइल फोन के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पंजाब के लुधियाना जिले के सहनेवाल थाना क्षेत्र अंतर्गत जसवीर कॉलोनी गोविंदगढ़ निवासी शुभम सिंह (पिता– पप्पू सिंह) के रूप में हुई है। पुलिस बरामद डेबिट कार्ड और मोबाइल के संबंध में विस्तृत जांच कर रही है।
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 15 जुलाई 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि इसुआपुर बाजार स्थित भारत गैस एजेंसी के समीप एक व्यक्ति बड़ी संख्या में डेबिट कार्ड लेकर संदिग्ध अवस्था में खड़ा है। सूचना मिलते ही इसुआपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही संदिग्ध युवक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से कुल 55 डेबिट कार्ड एवं तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए। पूछताछ के दौरान आरोपी बरामद डेबिट कार्ड एवं मोबाइल के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने सभी सामानों को विधिसम्मत जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में इसुआपुर थाना कांड संख्या-284/26, दिनांक 15 जुलाई 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2), 317(5) एवं 318 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद डेबिट कार्ड किन लोगों के हैं और उनका उपयोग किस उद्देश्य से किया जाना था।
इस कार्रवाई में इसुआपुर थाना के अपर थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सारण पुलिस ने कहा है कि जिले में अपराध एवं साइबर धोखाधड़ी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार अभियान जारी रहेगा।
सारण पुलिस, इसुआपुर थाना, 55 डेबिट कार्ड बरामद, शुभम सिंह गिरफ्तार, साइबर अपराध, पंजाब युवक गिरफ्तार, सारण समाचार, डेबिट कार्ड जब्त, बिहार पुलिस, Isuapur News

