बाइक दुर्घटना में मांझी के समाजसेवी बांके बिहारी सिंह का निधन, नगर पंचायत क्षेत्र में शोक की लहर
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी नगर पंचायत की उप मुख्य पार्षद नीतू सिंह के भसुर एवं समाजसेवी कृष्णा सिंह 'पहलवान' के बड़े भाई बांके बिहारी सिंह (65 वर्ष) का बुधवार देर शाम सड़क दुर्घटना में निधन हो गया। उनके असामयिक निधन की खबर मिलते ही पूरे नगर पंचायत क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार की देर शाम उत्तर प्रदेश के चांद दीयर पुलिस चौकी और यादव नगर के बीच उनकी बाइक अचानक एक भैंस से टकरा गई। दुर्घटना में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सोनबरसा अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मौत की सूचना मिलते ही उनके आवास पर रिश्तेदारों, शुभचिंतकों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सभी ने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
परिजनों ने बताया कि स्वर्गीय बांके बिहारी सिंह अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र एवं तीन पुत्रियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनका अंतिम संस्कार गुरुवार की शाम मांझी श्मशान घाट पर किया जाएगा।
क्षेत्र के सामाजिक, राजनीतिक एवं गणमान्य लोगों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।
Manjhi News, Saran News, Bike Accident, Banke Bihari Singh, Manjhi Nagar Panchayat, Chhapra News, Road Accident Bihar

