सारण: अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़, दो पिस्टल, कारतूस और हथियार बनाने के उपकरण के साथ एक गिरफ्तार
सारण (बिहार): सारण जिले के गरखा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार निर्माण के एक अड्डे का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान दो देशी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस, चार खाली मैगजीन, हथियार बनाने एवं मरम्मत में प्रयुक्त बड़ी संख्या में उपकरण तथा एक मोटरसाइकिल बरामद करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 15 जुलाई को गुप्त सूचना मिली थी कि गरखा थाना क्षेत्र के साधपुर गांव स्थित एक अर्धनिर्मित मकान में अवैध हथियारों का निर्माण किया जा रहा है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष गरखा के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन कर बताए गए स्थान पर घेराबंदी की गई। पुलिस को देखकर एक व्यक्ति पीछे के रास्ते से भागने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस ने तत्परता से गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान विकाश कुमार शर्मा, पिता स्व. वैजनाथ शर्मा, निवासी विशुनपुरा, थाना परसा, जिला सारण के रूप में हुई।
पुलिस द्वारा मकान की तलाशी लेने पर दो देशी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस, चार खाली मैगजीन, एक मोटरसाइकिल तथा ड्रिल मशीन, ग्राइंडर, वाइस मशीन, रेती, हथौड़ी, पंच, स्प्रिंग, पाइप, ड्रिल बिट सहित हथियार निर्माण एवं मरम्मत में प्रयुक्त बड़ी मात्रा में उपकरण बरामद किए गए।
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह अवैध हथियारों की मरम्मत एवं निर्माण का कार्य करता है। उसने बताया कि बरामद दोनों पिस्टल मरम्मत के लिए उसके पास लाई गई थीं। साथ ही उसने यह भी खुलासा किया कि मकान मालिक के संरक्षण में अवैध हथियार निर्माण के साथ-साथ शराब और हथियारों का अवैध कारोबार भी संचालित किया जाता है।
इस मामले में गरखा थाना कांड संख्या 855/26 दर्ज करते हुए आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी तथा अवैध हथियार निर्माण से जुड़े पूरे गिरोह का पर्दाफाश करने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
Saran News, Garkha Police, Illegal Arms Factory, Bihar Police, Garakha Arms Recovery, Chapra Crime News, Arms Act, Saran SSP, Bihar Crime News

