साई टोला को मिली बिजली की बड़ी सौगात, 63 केवीए ट्रांसफार्मर चालू; 125 परिवारों को राहत
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: जैतपुर पंचायत के पूर्व मुखिया एवं समाजसेवी जय प्रकाश सिंह उर्फ जई सिंह की पहल से साई टोला के लोगों की वर्षों पुरानी बिजली समस्या का समाधान हो गया। उनके लगातार प्रयासों के बाद हाई स्कूल के समीप साई टोला में 63 केवीए क्षमता का नया विद्युत ट्रांसफार्मर स्थापित कर बिजली आपूर्ति शुरू कर दी गई है। इससे करीब 125 परिवारों को नियमित और बेहतर बिजली मिलने लगी है। लंबे समय से ट्रांसफार्मर की मांग कर रहे ग्रामीणों ने इस पहल पर खुशी जताते हुए पूर्व मुखिया के प्रयासों की सराहना की।
ग्रामीणों ने बताया कि बढ़ते विद्युत भार के कारण पुराने सिस्टम से पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही थी। लो-वोल्टेज और बार-बार बिजली बाधित होने से आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। नए ट्रांसफार्मर के चालू होने से घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ विद्यार्थियों, किसानों और छोटे कारोबारियों को भी निर्बाध एवं बेहतर विद्युत आपूर्ति का लाभ मिलेगा। लोगों का कहना है कि इससे क्षेत्र में दैनिक जीवन पहले की तुलना में अधिक सुगम होगा।
ट्रांसफार्मर के शुभारंभ के अवसर पर जिला परिषद सदस्य रघुवंश सिंह उर्फ फूल सिंह, प्रो. डॉ. ओम प्रकाश सिंह, मिथलेश सिंह, राजू साईं, आलोक कुमार राय, जलालुद्दीन साईं, फेंकू साईं, सैफ अली, अरमान अली तथा जुनैद अली सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए उम्मीद जताई कि अब साई टोला के लोगों को लंबे समय तक गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध बिजली आपूर्ति मिलती रहेगी।
Sai Tola Transformer, Jai Prakash Singh Jai Singh, Jaitpur Panchayat News, Manjhi News, Saran News, 63 KVA Transformer, Electricity News Bihar, Daudpur News

