नरसिंहपुर पुलिस की बड़ी पहल: अब स्मार्ट टैबलेट से होगी ई-विवेचना, अपराध जांच होगी तेज और पारदर्शी
नरसिंहपुर (मध्यप्रदेश) संवाददाता राजकुमार दुबे: मध्यप्रदेश पुलिस अपराध अनुसंधान को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में लगातार कदम बढ़ा रही है। इसी क्रम में पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर नरसिंहपुर पुलिस ने जिले में ई-विवेचना प्रणाली (e-Investigation System) लागू कर दी है। अब विवेचक पारंपरिक कागजी फाइलों के बजाय स्मार्ट टैबलेट के माध्यम से अपराधों की विवेचना करेंगे, जिससे जांच प्रक्रिया अधिक तेज, पारदर्शी और प्रभावी बनेगी।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना ने बताया कि नई व्यवस्था लागू होने के बाद विवेचक घटनास्थल से ही डिजिटल रूप में केस डायरी तैयार कर सकेंगे। घटनास्थल पर उपलब्ध साक्ष्यों की फोटो, वीडियो और अन्य डिजिटल प्रमाण सीधे अपलोड किए जा सकेंगे। साथ ही अनुसंधान की प्रगति और केस डायरी को तत्काल सीसीटीएनएस (CCTNS) प्रणाली में अपडेट किया जाएगा। इससे कागजी कार्यवाही में लगने वाला समय बचेगा और विवेचक अनुसंधान पर अधिक ध्यान केंद्रित कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि ई-विवेचना प्रणाली से वरिष्ठ अधिकारियों को भी बड़ा लाभ मिलेगा। अब वे किसी भी लंबित प्रकरण की विवेचना की गुणवत्ता और प्रगति की ऑनलाइन निगरानी कर सकेंगे। इससे जांच में अनावश्यक देरी पर प्रभावी नियंत्रण रहेगा तथा जवाबदेही भी सुनिश्चित होगी।
एसपी डॉ. मीना ने सभी विवेचकों को निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण की जांच वैज्ञानिक, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण तरीके से की जाए। उन्होंने डिजिटल अभिलेखों पर डिजिटल हस्ताक्षर अनिवार्य करने के साथ ही पीड़ित, साक्षी एवं संदेही व्यक्तियों के मोबाइल नंबर और ई-मेल जैसी संपर्क जानकारी सीसीटीएनएस पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए, ताकि न्यायालयीन प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और सुगम बनाया जा सके।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित टैबलेट वितरण कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया, जिले के सभी एसडीओपी, थाना प्रभारी तथा विवेचक मौजूद रहे। अधिकारियों ने इस पहल को आधुनिक पुलिसिंग की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि इससे अपराध अनुसंधान की गुणवत्ता में सुधार होगा और नागरिकों को समयबद्ध न्याय दिलाने में मदद मिलेगी।
Narsinghpur Police, e-Investigation System, Smart Tablet Police, CCTNS, MP Police News, Dr Rishikesh Meena, Digital Investigation, Madhya Pradesh Police

