विभाग रहा मौन, समाजसेवी की पहल पर जेसीबी से शुरू हुई पइन की सफाई
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी प्रखंड के जैतपुर गांव में वर्षों से उपेक्षित एकमा गंडक से जुड़ी नहर उपशाखा (पइन) की सफाई का कार्य सोमवार से शुरू हो गया। करीब दस वर्षों से सफाई की मांग के बावजूद विभाग की उदासीनता के कारण कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे हर वर्ष किसानों को सिंचाई और जलजमाव की गंभीर समस्या झेलनी पड़ती थी।
ग्रामीणों की इस चिर-लंबित समस्या को देखते हुए पंचायत के समाजसेवी हरिमोहन सिंह 'गुड्डू' ने अपने निजी खर्च पर लक्ष्मीपुर गांव से नंदलाल सिंह कॉलेज के समीप साईं टोला तक करीब ढाई से तीन किलोमीटर लंबे पइन की सफाई जेसीबी मशीन से शुरू कराई। यह जल निकासी मार्ग बरसात के पानी को रेलवे लाइन और राष्ट्रीय राजमार्ग पार कर चंवर क्षेत्र तक पहुंचाने का प्रमुख माध्यम है।
समाजसेवी हरिमोहन सिंह 'गुड्डू' एवं पैक्स अध्यक्ष अशोक सिंह ने बताया कि वर्षों से गाद, झाड़-झंखाड़ और पुल-पुलियों में जमा अवरोध के कारण जल निकासी पूरी तरह प्रभावित हो रही थी। इसके चलते बरसात में सैकड़ों एकड़ खेत जलमग्न हो जाते थे और धान सहित खरीफ की फसलें बर्बाद हो जाती थीं। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी निजी स्तर पर ही पइन की सफाई कराई गई थी।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार संबंधित विभाग से सफाई की मांग की गई, लेकिन लगातार अनदेखी की गई। आखिरकार किसानों की परेशानी को देखते हुए समाजसेवी ने स्वयं पहल कर सफाई कार्य शुरू कराया। ग्रामीणों को उम्मीद है कि पइन की सफाई पूरी होने के बाद जल निकासी सुचारु होगी और खेती को होने वाले नुकसान से काफी राहत मिलेगी।
Pain Cleaning Jaitpur, Manjhi Canal Cleaning, Harimohan Singh Guddu, Daudpur News, Saran News, Irrigation Bihar, Farmers News

