नीतीश कुमार ने पंडित महेंद्र मिश्र को दी श्रद्धांजलि, भीड़ के बीच पहुंचकर किया लोगों का अभिवादन
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सोमवार को सारण जिले के जलालपुर पहुंचे, जहां उन्होंने पूर्वी धुन के जनक एवं प्रसिद्ध लोककवि पंडित महेंद्र मिश्र की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सुरक्षा घेरे से बाहर निकलकर सीधे लोगों के बीच पहुंचकर उनका अभिवादन किया। उन्होंने प्रतिमा स्थल के चारों ओर पैदल घूमते हुए हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
इस दौरान लोगों ने "विकास पुरुष जिंदाबाद" के नारे लगाए। वहीं जलालपुर चौक पर जुटी भीड़ के बीच "प्रभुनाथ सिंह को रिहा करो" के नारे भी सुनाई दिए। अचानक भीड़ बढ़ने पर सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं और पूर्व मुख्यमंत्री को सुरक्षा घेरे में लेकर सुरक्षित उनके वाहन तक पहुंचाया गया।
कार्यक्रम में सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, विधायक रणधीर सिंह, विधायक मनोरंजन सिंह उर्फ धूमल सिंह, विधान पार्षद प्रो. बीरेन्द्र नारायण यादव, पूर्व विधायक छोटेलाल राय, पूर्व विधान पार्षद सलीम परवेज सहित कई जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने पूर्व मुख्यमंत्री के साथ पंडित महेंद्र मिश्र को श्रद्धांजलि अर्पित की।
जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान पंडित महेंद्र मिश्र के परिजन नीतीश कुमार से मुलाकात नहीं कर सके। श्रद्धांजलि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद नीतीश कुमार सड़क मार्ग से सिवान के लिए रवाना हो गए।
नीतीश कुमार, पंडित महेंद्र मिश्र, जलालपुर समाचार, सारण न्यूज, मुख्यमंत्री बिहार, महेंद्र मिश्र जयंती, बिहार राजनीति, जगत दर्शन न्यूज

